PM की रैली में पंडाल गिरने से 90 लोग घायल, हाल पूछने अस्पताल पहुंचे मोदी

Tuesday, Jul 17, 2018 - 08:36 AM (IST)

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान पंडाल गिर जाने से 50 महिलाओं सहित 90 व्यक्ति घायल हो गए। रैली में पंडाल उस समय गिरा जब मोदी भाषण दे रहे थे। पंडाल रैली स्थल के मुख्य प्रवेशद्वार के पास लोगों को बारिश से बचाने के लिए लगाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने अपने संबोधन के दौरान पंडाल गिरते देखा और उन्होंने तत्काल अपने पास खड़े एसपीजी कर्मियों को लोगों को देखने और घायलों की सहायता करने का निर्देश दिया। पश्चिमी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक आलोक रजोरिया ने कहा कि 90 घायलों को पश्चिमी मिदनापुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि दो घायलों को गंभीर स्थिति में कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया। वहीं बाकी की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें क्रमश: छुट्टी दी जा रही है। मामले की जांच शुरू हो गई है। सम्पर्क किए जाने पर अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि घायलों में 50 महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय भाजपा इकाई के साथ ही मोदी के चिकित्सक एवं एसपीजी कर्मी सहित उनके निजी कर्मी तुरंत ही घायलों की मदद में लग गए। मोदी बाद में घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे।


ऐसे हुआ हादसा
अधिकारियों ने बताया कि कई उत्साही भाजपा समर्थक रैली के दौरान पंडाल के ढांचे पर चढ़ गए थे। प्रधानमंत्री को रैली के दौरान अपना भाषण कुछ समय के लिए रोककर उन लोगों से नीचे उतरने के लिए कहते सुना गया। प्रत्यक्षर्दिशयों ने बताया कि कुछ लोग पंडाल के ढांचे के ऊपर चढ़ गए थे जो तिरपाल से ढंका हुआ था। ढांचा लोगों का भार सहन नहीं कर पाया और गिर गया। प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जब प्रधानमंत्री घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे तो वहां एक घायल महिला ने उनसे आटोग्राफ मांगा और मोदी ने उसे अपना आटोग्राफ दिया। मोदी ने पंडाल गिरने की घटना के बाद भी अपना भाषण जारी रखते हुए रैली में मौजूद लोगों की अनुशासन बरतने और घायलों की मदद करने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘पंडाल गिरने के बावजूद वहां मौजूद लोगों ने दूसरों की मदद की। कोई भी भागा नहीं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार रैली में घायल हुए लोगों को हर संभव चिकित्सीय मदद उपलब्ध कराएगी।  ममता ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘मिदनापुर रैली में आज घायल हुए लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। उनके उपचार के लिये सरकार हर संभव मदद उपलब्ध करा रही है।’’ 

Seema Sharma

Advertising