जम्मू कश्मीर: अनंतनाग मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने मार गिराए 2 आतंकी

Saturday, Mar 24, 2018 - 09:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आज दो आतंकवादी मारे गये।  आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर राष्ट्रीय राइफल (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने शुक्रवार देर रात अनंतनाग के शिशत्रागाम गांव में तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों के जवान जब क्षेत्र की घेराबंदी कर रहे थे तभी आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।  

भारी मात्रा में हथियार बरामद 
सूत्रों के अनुसार इस घटना की जानकारी मिलते ही नजदीकी शिविरों से अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा बलों ने आज सुबह बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया और छिपे हुए दोनों आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है, दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद मिले हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ समाप्त हो गया है। प्रशासन ने अनंतनाग तथा कुलगाम जिले में एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है ताकि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोका जा सके। 

Punjab Kesari

Advertising