गुजरात में कांग्रेस की बढ़ी मुश्किलें, 2 और विधायकों ने दिया इस्तीफा

Friday, Jul 28, 2017 - 02:34 PM (IST)

अहमदाबाद: राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस पार्टी को एक बार फिर झटका देते हुए उसके 2 और विधायकों ने सदन की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। अभी तक 5 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। कांग्रेस से विधायकों का यूं इस्तीफा देना पार्टी को मुश्किल में डाल सकता है। राज्यसभा चुनाव के लिए अपने वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को उम्मीदवार बनाया है। बालासिनोर से विधायक मानसिंह चौहान ने आज सुबह विधानसभा अध्यक्ष रमनलाल वोरा को इस्तीफा सौंपा। वहीं, वांसडा से विधायक छनाभाई चौधरी ने बीती रात अध्यक्ष के आवास पर उनको अपना त्यागपत्र दिया। वरिष्ठ नेता शंकरसिंह वाघेला के पिछले सप्ताह पार्टी छोडऩे से कांग्रेस की हालत पहले ही डांवाडोल है। इस तरह 182 सदस्यीय विधानसभा में अब कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 52 रह गई है। राज्य में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है। 


3 विधायक हुए भाजपा में शामिल
राज्यसभा चुनाव की 3 सीट के लिए गुजरात में 8 अगस्त को वोट डाले जाने हैं। कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा के बाद तीनों विधायक को गुजरात भाजपा के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने केसरिया पहनाकर भाजपा में शामिल कर लिया। भाजपा दफ्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और स्मृति ईरानी की मौजूदगी में बलवंत सिंह राजपूत को राज्यसभा चुनाव में भाजपा का तीसरा उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर दिया गया। माना जा रहा है कि इस चुनाव से पहले कांग्रेस के कई और विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं.
 

 

Advertising