बनी की दो नाबालिग युवतियों का अपहरण और दुष्कर्म, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

Wednesday, Jun 19, 2019 - 12:53 PM (IST)

कठुआ : बहुचर्चित कठुआ दुष्कर्म मामला अभी लोगों की जुबान से उतरा भी नहीं था  कि जिला में एक और अपहरण एवं दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। बनी उप मंडल की दो नाबालिग युवतियों ने अपहरण एवं दुष्कर्म की शिकायत बनी पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दो युवकों को भी हिरासत से लिया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसमें अपहरण , दुष्कर्म सहित पोक्सको एक्ट संबंधी धाराएं लगाई गई हैं। 


जानकारी के अनुसार पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत की है कि बनी इलाके से एक अज्ञात चालक ने उनका अपहरण कर लिया। बनी से जबरन गाड़ी में बिठाने के बाद चालक कार को बसोहली की ओर ले जा रहा था। इसी बीच उन्हें कुछ दवा खिलाई गई जिसके बाद वे बेहोशी की हालत में चली गई। होश आने पर पता चला कि वे कठुआ के हटली मोड़ में पहुंच चुकी हैं। यहां चंडियार के दो युवक उन्हें एक कमरे में ले गए। यहां लगातार उन्होंने कई बार उन्हें अपनी हवस का शिकार बनाया। यही नहीं दुष्कर्म और अपहरण की बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दी गई। बाद में पीड़ितों ने बनी थाना मेे यह सारी शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत के बाद बनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर मज्गर खड्ड, हटली मोड़ के इलाके से दो युवकों को हिरासत में लिया। ए.एस.पी. रमनीश गुप्ता की अगुवाई में की गई कार्रवाई के दौरान हाइवे पर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। ताकि आरोपी भाग न पाएं। लखनपुर में हाइवे पर नाकेबंदी भी की गई थी। युवकों को पकडऩे के बाद उन्हें पुलिस टीम के साथ बनी भेज दिया। वहीं, ए.एस.पी. रमनीश गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है। शिकायतकर्ता नाबालिग हैं, इसकी जांच पड़ताल अभी बाकी है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 

Monika Jamwal

Advertising