बार्ज पी305: समुद्र में फंसी 184 जिंदगियों को नौसेना ने बचाया, अब भी जारी है 81 लोगों की तलाश

Wednesday, May 19, 2021 - 03:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई से 175 किलोमीटर दूर समुद्र में ताउते तूफान के ताडंव के बीच बार्ज पी-305 पर फंसे 273 में से 184 लोगों की नौसेना के बहादुर जवानों ने जान बचा ली है। इनके अलावा 22 लोगों के शव भी बरामद किए गए हैं, जबकि अभी भी 81 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता इन लोगों को लेकर मुंबई बंदरगाह लौटे हैं। नौसेना ने बताया है कि दो अन्य बार्ज तथा एक ऑयल रिग पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।

आपको बता दें कि ये बार्ज चक्रवात ताउते के गुजरात तट से टकराने से कुछ घंटे पहले मुंबई के पास अरब सागर में फंस गए थे। नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि ताउते तूफान के तांडव के बीच मुंबई के समुद्र में फंसे 4 जहाजों पर सवार 713 लोगों में से 620 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। 

इनके अलावा 'सागर भूषण' ऑयल रिग भी समुद्र में फंस गया था, जिसमें 101 कर्मी मौजूद थे। इनमें से बार्ज पी305 डूब गया जिसके 81 लोग अभी भी लापता हैं, जिन्हें बचाने के लिए तलाश अभियान जारी है।

Hitesh

Advertising