भाजपा ने बूथ स्तर पर तैयार किए 15 लाख कार्यकर्ता

Saturday, Mar 23, 2019 - 03:55 AM (IST)

नई दिल्ली: भाजपा ने 2019 लोकसभा चुनावों के लिए कई साल पहले ही अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। बूथ स्तर तक लामबंदी के लिए भाजपा ने 15 लाख प्रशिक्षित कार्यकत्र्ता तैयार कर लिए हैं जो चुनाव प्रचार सुनिश्चित करेंगे। यह संख्या 2014 के आम चुनाव की तुलना में 15 गुना अधिक है। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने एक लाख से भी कम प्रशिक्षित कार्यकत्र्ताओं को प्रचार करने के लिए मैदान में उतारा था। 

पार्टी सूत्रों ने बताया है कि देशभर के लगभग 13,000 स्थानों पर 2-3 साल से प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं। कार्यकत्र्ताओं को बेहद वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके लिए बाकायदा एक पाठ्यक्रम बनाया गया था, किताबें भी लिखी गई थीं और पुस्तिकाएं भी छापी गई थीं।  पार्टी महासचिव और रणनीतिकार मुरलीधर राव जो कि भाजपा प्रशिक्षण सैल के प्रभारी हैं, का कहना है कि यह किसी भी राजनीतिक दल द्वारा किया गया अपनी तरह का पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम था।

वास्तव में यह दुनिया में कहीं भी किसी भी राजनीतिक दल द्वारा किया गया सबसे बड़ा राजनीतिक अभ्यास है। यह निश्चित रूप से भाजपा के पक्ष में चुनाव परिणाम को बदलने में मदद करेगा। प्रशिक्षित कार्यकत्र्ता भगवा पार्टी को आम चुनाव में अन्य दलों पर बढ़त देंगे क्योंकि किसी अन्य पार्टी ने अपने पास इस तरह के संसाधन होने का दावा नहीं किया है। पार्टी के सभी महत्वपूर्ण नेता-विशेष रूप से वह जो अन्य दलों से भाजपा में चले गए, ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। मंडल, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। मोर्चा वार प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए जिसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एस.सी. और एस.टी. मोर्चा को भी ट्रेनिंग दी गई। कार्यकत्र्ताओं को पार्टी की विचारधारा के बारे में सिखाया गया। ब्रांड मोदी को चुनावी अपील में कैसे परिवर्तित करना है यह भी बताया गया।  

Pardeep

Advertising