छेड़छाड़ से बचने के लिए किशोरी ने चलती ट्रेन से लगाई छलांग

Monday, Oct 23, 2017 - 07:14 PM (IST)

मुंबई: मुंबई की लोकल ट्रेन के महिला कोच में एक पुरुष यात्री के प्रवेश करने से एक किशोरी चलती ट्रेन से कूद गई जिससे वह घायल हो गई। दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज र्टिमनस के निकट एक युवक जबरदस्ती महिला कोच में घुस गया।

रेलवे पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह दस बजे की है। छत्रपति शिवाजी महाराज र्टिमनस (सीएसटीएम) रेल पुलिस थाने में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि ट्यूशन के बाद आठवीं कक्षा में पढऩे वाली लडकी कल्याण लौट रही थी। उन्होंने बताया कि रविवार होने के कारण महिला कोच के कंपार्टमेंट में उसके अलावा कोई और नहीं था।

ट्रेन सीएसटीएम से चली ही थी कि एक व्यक्ति ने उस कोच में प्रवेश किया और जब लडकी ने उसे बताया कि वह गलत कंपार्टमेंट में आ गया है तो उसने उतरने से मना कर दिया। अधिकारी ने बताया कि उतरने के बदले उसने लडकी से चुप रहने को कहा और डरावने तरीके से उसकी ओर बढने लगा। इससे डरी हुई लडकी ट्रेन से बाहर कूद गई और घायल हो गई।

लडकी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 तथा 338 तथा संबंधित रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। 

Advertising