अक्षय की फिल्म Padman से प्रेरित हो 13 साल की इस बच्ची ने गोद लीं 250 लड़कियां

Tuesday, Dec 04, 2018 - 02:54 PM (IST)

ठाणे (महाराष्ट्र): बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ‘पैडमैन’ से प्रेरित होकर दुबई में रहने वाली 13 साल की एक लड़की ने ग्रामीण महाराष्ट्र से 250 लड़कियों को गोद लिया है और उन्हें सैनेटरी नैपकिन बांटे हैं। रीवा तुलपुले का परिवार महाराष्ट्र से ताल्लुक रखता है। उसने इस काम के लिए पिछले कुछ महीनों में दुबई में राशि एकत्रित की। वह पिछले सप्ताह भारत आई और शनिवार को साहापुर तालुका के स्कूलों में लड़कियों को करीब एक साल का सैनेटरी पैड का स्टॉक बांटा।

उसने कहा कि मैंने कुछ महीने पहले ‘पैडमैन’ देखी थी और मुझे मासिक धर्म के दौरान लड़कियों के सामने आने वाली समस्याओं का पता चला। मैंने फौरन भारत खासकर महाराष्ट्र के गांवों में रहने वाली लड़कियों के लिए कुछ करने का मन बना लिया। 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली रीवा ने कहा कि उसने यह विचार कोंकण स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य निरंजन देवखरे के साथ उस समय सांझा किया जब वह दुबई आए थे। देवखरे ने रीवा को इस काम के लिए प्रोत्साहित किया।

Seema Sharma

Advertising