CBSE की 12वीं की किताब में बताया 36-24-36 लड़कियों का 'बेस्ट फिगर', मचा बवाल

Thursday, Apr 13, 2017 - 01:28 PM (IST)

नई दिल्लीः महाराष्ट्र के नागपुर में 12वीं के बच्चों को पढ़ाई जा रही एक किताब को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां के सीबीएसई स्कूल में 12वीं के पाठ्यक्रम में शामिल की गई एक किताब में लड़कियों का कौन-सा  ‘बेस्ट फिगर’ होता है के बारे में बताया गया है। किताब में बताया गया है कि लड़की का फिगर ’36-24-36′ होना चाहिए। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। सीबीएसई ने कहा कि पुस्तक एक निजी पब्लिशर की है और इसे मान्यता नहीं दी गई है। इस पुस्तक से महिलाओं में हीन भावना जागृत होगी।

स्वास्थ्य एवं शारीरिक अध्ययन शीर्षक की इस किताब के लेखक डाक्टर वीके शर्मा हैं। उन्होंने दावा किया है कि 36-24-36 ही लड़कियों के लिए सही शेप है। हालांकि, किताब के नए संस्करण में ‘फिगर’ शब्द हटा दिया गया है। नए संस्करण में ‘ऑवरग्लास(सैंड क्लॉक) शेप’ की तुलना लड़कियों के शरीर से की गई है।

डाक्टर ने अपने दावे के पक्ष में तर्क देते हुए किताब में लिखा कि मिस वर्ल्ड और मिल यूनिवर्स प्रतियोगिताओं में ऐसे बॉडी शेप का ख्याल रखा जाता है। इस बीच किताब के प्रकाशक ने कहा कि वे इसका वितरण और प्रकाशन रोक रहे हैं। ट्विटर पर यूजर्स ने किताब के उस अंश की फोटो शेयर कर लेखक की खूब क्लास लगाई है और मांग की है कि इसे स्कूलों के पाठ्यक्रम से यह किताब हटाई जाए।

Advertising