बाढ़ प्रभावित नेपाल में गुजरात के 11 लोग लापता, एक महिला सुरक्षित मिली
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 09:10 PM (IST)
नेशनल डेस्क : बाढ़ से प्रभावित नेपाल में गुजरात के 11 लोग अब भी लापता हैं, जबकि एक महिला जिसे पहले लापता बताया जा था, से संपर्क हो गया है और वह सुरक्षित है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। गुजरात राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) को पहले सूचना मिली थी कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राज्य के 12 लोग लापता हैं।
बाढ़ के बाद संपर्क टूट जाने पर रिश्तेदारों ने एसईओसी और जिला आपातकालीन केंद्रों पर फोन करके लापता लोगों की जानकारी साझा की थी। एसईओसी द्वारा साझा की गई एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बाद में वलसाड की रहने वाली रोमा दिलीपभाई इंटवाला से संपर्क स्थापित किया और पाया कि वह नेपाल में सुरक्षित हैं।
इसके बाद नेपाल में लापता गुजरात के निवासियों की संख्या घटकर 11 रह गई। आपातकालीन केंद्र की नवीनतम (ताजा) रिपोर्ट में 11 लोगों को लापता या संपर्क से बाहर बताया गया है। इनमें अहमदाबाद और सूरत के तीन-तीन, आणंद के दो और राजकोट का एक व्यक्ति शामिल है।
