104 साल की महिला की सफल सर्जरी, ‘गिनीज बुक रिकॉर्ड’ की तैयारी

Wednesday, Feb 21, 2018 - 04:57 PM (IST)

मुंबईः आज के समय में जहां 70 की उम्र पार करते ही लोगों को गंभीर बीमारियां घेर लेती ऐसे में महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रहने वाली 104 साल की महिला की दृढ़ इच्छाशक्ति की दाद देनी पड़ेगी। 104 साल की विठाबाई के मजबूत इरादों के चलते उनकी सफल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई। वहीं सर्जरी करने वाले डॉक्टरों ने कहा कि इस उम्र में किसी की सर्जरी करना थोड़ा रिस्की होती है लेकिन बुजुर्ग महिला शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी काफी दृढ़ थी तभी उनकी सर्जरी सफल हो सकी।

विठाबाई के कूल्हों में दिक्कत थी जिस कारण उनको चलने-फिरने में मुश्किल हो रही थी। जब डॉक्टरों को दिखाया गया तो उन्होंने हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी कराने को कहा लेकिन साथ ही उन्होंने महिला की उम्र का भी हवाला दिया। इस पर विठाबाई ने कहा कि वे सर्जरी करवाने को तैयार है क्योंकि उन्हें यकीन है कि वे ठीक हो जाएंगी। इस पर बुजुर्ग की हिम्मत को देखते हुए डॉक्टरों ने 14 फरवरी को विठाबाई की सर्जरी की। विठाबाई अब स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

विठाबाई की 8-10  साल पहले भी दाहिने कूल्हे की सर्जरी हो चुकी है। उनके 14 बच्चों में अब सिर्फ सात ही जीवित हैं। इतनी उम्र होने के वावजूद वे कई बार घर के काम खुद करती है और रोज सैर भी करने जाती हैं। विठाबाई की सर्जरी करने वाले अस्पताल के डॉ. मिलिंद पाटील ने बताया कि वे महिला का नाम ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में भेजने वाले हैं क्योंकि रिकॉर्ड के मुताबिक सर्जरी की उम्र 102 है लेकिन विठाबाई 104 साल की हैं और इस उम्र में यह दुनिया की पहली सर्जरी होगी।

Advertising