शास्त्रों के अनुसार धनी लोगों को इनसे मृत्यु समान लगता है डर

punjabkesari.in Friday, Jul 01, 2016 - 09:01 AM (IST)

महाभारत में बताया गया है कि जो लोग धनी हैं, वे नुकसान से बचने के लिए कुछ बातों से हमेशा डरते हैं। एक श्लोक के अनुसार 4 ऐसी चीजें हैं जिनसे मृत्यु समान चिंता बनी रहती है।

राजत: सलिलादग्नेश्चोरत: स्वजनादपि।

भयमर्थवतां नित्यं मृत्यो: प्राणभूतामिव।।

अर्थात इस श्लोक के अनुसार समृद्ध और धनाढ्य लोगों को सदा राजा, अग्नि, चोर और स्वजन का भय रहता है। 

राजा

यहां राजा शब्द का प्रयोग प्रशासन के रूप में किया गया है। प्राचीन समय में धनवान लोगों का धन शासन-क्रम के अनुसार कभी भी लिया जा सकता था। वैभव संपन्न लोगों को धन जाने का डर ठीक वैसे लगता था जैसे मृत्यु आने के समय लगता है।

 

आग

आग में ऐसी शक्ति है जो पलक झपकते ही धनी व्यक्ति के द्वारा कमाए धन को राख के ढेर में परिवर्तित कर सकती है। राजा के समान जीवनयापन करने वाला व्यक्ति रंक बन सकता है। ध्यान रखें, कोई भी ज्वलनशील वस्तु धन के पास न रखें।

 

चोर

चोरों की नजर धनवान लोगों के धन पर हमेशा बनी रहती है। धन रखते समय सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखना चाहिए। थोड़ी सी चूक धन को बर्बाद कर सकती है। महलों से झोंपड़ी में लाकर पटक सकती है।

 

रिश्तेदार

धनवान व्यक्ति के बहुत सारे रिश्तेदार होते हैं। जो अपने किसी न किसी स्वार्थ की पूर्ति के लिए उनके आस-पास मंडराते रहते हैं। ऐसे रिश्तेदारों से भी मृत्यु के समान डर रहता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News