महाराष्ट्र: औरंगाबाद में हिंसा के बाद मुख्यमंत्री शिंदे ने की शांति बनाए रखने की अपील

punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2023 - 11:54 PM (IST)

मुंबई, 30 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने औरंगाबाद शहर में भीड़ की हिंसा में 10 पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 12 लोगों के घायल होने के बाद बृहस्पतिवार को शांति की अपील की।

शिंदे ने कहा कि औरंगाबाद में स्थिति नियंत्रण में है।

औरंगाबाद में बुधवार रात राम मंदिर के निकट दो गुटों के बीच झड़प के बाद पुलिस शांति बहाल करने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान लगभग 500 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकी।

शिंदे ने यहां प्रसिद्ध मुंबादेवी मंदिर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्होंने औरंगाबाद के पुलिस आयुक्त के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक से हिंसा के बारे में जानकारी ली है।

शिंदे ने कहा, “वहां स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस अपना काम कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की ताकि शहर में जल्द से जल्द कानून व्यवस्था बहाल हो सके।

उन्होंने कहा, “आज (बृहस्पतिवार) रामनवमी है और रमजान का महीना भी जारी है। सभी समुदायों और जातियों के लोगों ने हमेशा त्योहार एक साथ मिलकर मनाए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद का नया नाम) में शांति बनी रहेगी।”


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News