स्विच मोबिलिटी ने देश की पहली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस पेश की

Friday, Aug 19, 2022 - 09:58 AM (IST)

मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) हिंदुजा समूह की कंपनी अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) इकाई स्विच मोबिलिटी ने बृहस्पतिवार को अपनी ‘डबल डेकर’ इलेक्ट्रिक बस पेश की। यह देश की पहली इलेक्ट्रिक डबल डेकर एसी बस है।
इन 66 सीटों वाली बसों की शुरुआत से बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) को डबल डेकर बसों के अपने मौजूदा बेड़े को ‘इलेक्ट्रिक’ में बदलने में मदद मिलेगी।

देश में मुंबई इकलौता शहरा है, जहां दो डेक वाली बसें चल रही हैं। वर्ष 1967 में इन बसों को शुरू वाली अशोक लेलैंड प्रमुख भारतीय विनिर्माता कंपनी थी।
इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी स्विच की ब्रिटेन में पहले से ही बिजली से चलने वाली डबल डेकर बसें हैं।
स्विच मोबिलिटी इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी महेश बाबू ने कहा, ‘‘आज भारत में डबल डेकर बसों का कोई बाजार नहीं है। यह बदलने वाला है क्योंकि शहरों में भीड़-भाड़ बढ़ रही है।’’
उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘सब मुंबई की तरफ देख रहे है। अगर मुंबई में यह सफलतापूर्वक चल जाती है, तो मुझे लगता है कि इससे पूरा एक बाजार खुल जाएगा।’’



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising