उगाही के मामले में ठाणे पुलिस ने परमबीर सिंह का बयान दर्ज किया, गैर जमानती वारंट निरस्त

punjabkesari.in Saturday, Nov 27, 2021 - 09:53 AM (IST)

मुंबई, 26 नवंबर (भाषा) ठाणे पुलिस ने उगाही के मामले में शुक्रवार को मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह का बयान दर्ज किया। सिंह के स्थानीय अदालत में भी पेश हुए जिसने उनके विरुद्ध जारी गैर जमानती वारंट निरस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि सिंह अपने वकील के साथ ठाणे नगर पुलिस थाने में पूर्वाह्न साढ़े दस बजे पहुंचे और उनसे लगभग सात घंटे तक पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान जोनल पुलिस आयुक्त अविनाश अंबुरे थाने में मौजूद थे। बिल्डर और कथित ‘बुकी’ केतन तन्ना ने जुलाई में सिंह तथा 28 अन्य के विरुद्ध पुलिस थाने में उगाही की शिकायत की थी जिसके आधार पर एक मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, 2018-19 के दौरान सिंह जब ठाणे के पुलिस आयुक्त थे, तब उन्होंने और अन्य आरोपियों ने तन्ना से 1.25 करोड़ रुपये तथा तन्ना के दोस्त सोनू जालान से तीन करोड़ रुपये की उगाही की थी। सिंह के अलावा सेवानिवृत्त निरीक्षक प्रदीप शर्मा, निरीक्षक राजकुमार कोथमीरे और डीसीपी दीपक देवराज भी इस मामले में आरोपी हैं।
अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो दिन पहले उनमें से एक को जमानत मिल गई थी। सिंह पर महाराष्ट्र में उगाही के कुल पांच मामले दर्ज हैं जिसमें से दो ठाणे में दर्ज किये गए थे। इन दोनों मामलों की जांच के लिए ठाणे पुलिस ने एक विशेष जांच दल बनाया है।

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News