मुंबई में महिला से बलात्कार, बेरहमी से किया गया हमला

punjabkesari.in Saturday, Sep 11, 2021 - 09:54 AM (IST)

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) मुंबई में उपनगर साकीनाका में एक टेंपो के अंदर 34 वर्षीय एक महिला के साथ बलात्कार एवं निर्दयता से हमला किया गया और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना 2012 के ''निर्भया'' कांड की याद दिलाती है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी मोहन चौहान (45) को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन आया कि खैरानी रोड पर एक व्यक्ति एक महिला की पिटाई कर रहा है।
अधिकारी ने बताया कि महिला का पता लगाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खून से लथपथ महिला को नगर निगम संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, उसके साथ बलात्कार किया गया और उसके निजी अंगों में लोहे की छड़ से हमला किया गया।

उन्होंने बताया कि यह घटना सड़क किनारे खड़े एक टेंपो के अंदर हुई।
अधिकारी ने बताया कि वाहन के अंदर भी खून के धब्बे मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि कुछ सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चौहान को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 376 (बलात्कार) के तहत गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच जारी है।

दिसंबर 2012 में, एक युवती - जिसे बाद में ''निर्भया'' कहा गया - के साथ दिल्ली में चलती बस के अंदर निर्दयता से सामूहिक बलात्कार और हमला किया गया, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया। कई दिनों तक जिंदगी के संघर्ष के बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी।
भाषा

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News