पद्म श्री पुरस्कारों से सम्मानित की गई कृष्णन नायर, बॉम्बे जयश्री ने प्रशंसकों का आभार जताया

punjabkesari.in Tuesday, Jan 26, 2021 - 08:42 PM (IST)

मुंबई, 26 जनवरी (भाषा) मशहूर पार्श्व गायिका कृष्णन नायर शांताकुमारी चित्रा और गायिका बॉम्बे जयश्री रामनाथ ने क्रमश: पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों से सम्मानित किये जाने के बाद मंगलवार को अपने-अपने प्रशंसकों का आभार जताया।
कृष्णन (57) को पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किये जाने की सोमवार को घोषणा की गई थी। गायिका ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 25,000 से अधिक गीत रिकार्ड किये हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपने सहकर्मियों का भी आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए अब तक यह 42 साल का संगीतमय सफर रहा है। आज में उन सभी निर्माताओं, निर्देशकों, संगीतकारों, गीतकारों और ध्वनि इंजीनियरों को स्मरण करती हूं जिन्होंने इसे संभव बनाया। मेरा मानना है कि यह मेरे सभी प्रिय प्रशसंकों के प्रेम, दुआ और सद्भाव से संभव हो पाया, जिन्होंने मुझे जीवन में आगे बढ़ाया...मैं इस महान राष्ट्र और लोगों के समक्ष अपना शीश झुकाती हूं, जय हिंद।’’
वहीं, महान गायक एस पी बालासुब्रमण्यम को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह भारत रत्न के बाद देश का दूसरा सर्वोच्च असैन्य पुरस्कार है।

पद्म श्री से सम्मानित की गई रामनाथ (58) ने हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में गीत गाये हैं।
वह ‘रहना है तेरे दिल में’ फिल्म की ‘‘जरा- जरा बहकता है’’ गीत को लेकर जानी जाती हैं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर कहा, ‘‘पद्मश्री से सम्मानित करने को लेकर बहुत आभारी हूं। मैं आप सभी के आशीर्वाद और प्यार के लिए शुक्रिया अदा करती हूं। ’’
पद्म पुरस्कारें से इस साल सम्मानित किये गये सिने जगत के अन्य लोगों में मलयालम गीतकार के. दामोदरन नम्बूदरी, गुजराती फिल्म कलाकार महेशभाई और नरेशभाई कनोडिया (मरणोपरांत) शामिल हैं।
गौरतलब है कि हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाती है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को कहा था कि राष्ट्रपति ने 119 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी है, जिनमें सात पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 102 पद्मश्री हैं।

पद्म पुरस्कार विजेताओं में 29 महिलाएं हैं। इनमें 10 लोग विदेशी, प्रवासी भारतीय, पीआईओ और ओसीआई तथा एक व्यक्ति ट्रांसजेंडर श्रेणी से हैं।
इनमें 16 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत दिए गए हैं।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency