लॉकडाउन के दौरान भाजपा विधायक के लिए कार्यक्रम आयोजित करने वाले आयोजक के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Jan 21, 2021 - 08:18 PM (IST)

मुंबई, 21 जनवरी (भाषा) पश्चिमी उपनगर कांदिवली में कोविड-19 महामारी के कारण लागू लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करते हुए भाजपा विधायक के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करने वाले आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता संतोष घोलप द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर कांदिवली पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भाजपा विधायक सुनील राणे के पद पर एक साल होने के जश्न में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि पिछले साल 24 अक्टूबर को रघुलीला मॉल में आयोजित कार्यक्रम के लिए एक हजार से 1,500 लोग तक इकट्ठा हुए थे।

पुलिस उपायुक्त (जोन-11) विशाल ठाकुर ने बताया, ‘‘हमने भाजपा विधायक के खिलाफ नहीं, कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।’’
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने कांदिवली में कार्यक्रम के होर्डिंग देखे थे और सोशल मीडिया पर इसका कुछ वीडियो भी आया था।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोकसेवक के आदेश का उल्लंघन), 269 (लापरवाह कृत्य, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा हो) समेत अन्य प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गयी। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News