महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 10,483 नए मामले, 300 मरीजों की मौत

Friday, Aug 07, 2020 - 10:59 PM (IST)

मुंबई, सात अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में शुक्रवार को 10,483 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई और 300 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद राज्य में कोविड-19 के कुल मामले पांच लाख के करीब पहुंच गए।

स्वास्थ्य विभाग की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि महामारी के कारण राज्य में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 17,092 हो गई है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि ठीक होने के बाद 10,906 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई है।
राज्य में अब तक 3,27,281 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शाम तक संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,45,582, थी। कुल मामले 4,90,262 हैं।
राज्य में 25,69,645 लोगों की जांच की गई है।

बयान में कहा गया है कि राज्य में ठीक होने की दर 66.76 फीसदी है जबकि मृत्यु दर 3.49 प्रतिशत है।
मुंबई में शुक्रवार को 862 नए मामले आए हैं और 45 लोगों की मौत हुई है।

मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) क्षेत्र में 2597 मामले आए हैं और 121 लोगों की मौत हुई है। इसी क्षेत्र में मुंबई भी आता है।

बयान के मुताबिक, एमएमआर में अबतक 2,59,875 मामले आए हैं जिनमें से सिर्फ मुंबई में 1,21,012 मामले हैं। क्षेत्र में 10,492 लोगों की मौत हुई जिनमें से 6,693 की मौत सिर्फ मुंबई में ही हुई हैं।
शुक्रवार को नासिक शहर में 527, अहमदनगर शहर में 185, धुले शहर में 116, पुणे शहर में 1,395, पिंपरी चिंचवड़ में 905, सांगली शहर में 121, औरंगाबाद शहर में 196 और नागपुर शहर में 346 मामले दर्ज किए गए।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising