स्थाईकर्मी के साथ ‘कर्मी’ शब्द पर चौहान ने जताया ऐतराज, अब होगा प्रतिस्थापित

Friday, Oct 07, 2016 - 10:34 PM (IST)

भोपाल: प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्थाई कर्मी से कर्मी शब्द को अन्य उपयुक्त शब्द से प्रतिस्थापित किया जाएगा। चौहान ने यह बात शुक्रवार को अपने निवास पर आए दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के प्रतिनिधि-मंडल से चर्चा में कही। प्रतिनिधि-मंडल दैनिक वेतनभोगियों को नियमित किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार ज्ञापित करने आया था।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित हुए दैनिक वेतन भोगियों का वरिष्ठता के आधार पर चतुर्थ श्रेणी के उपलब्ध पदों पर समायोजन किया जाएगा। कर्मचारियों को ग्रेच्यूटी का लाभ मिलेगा। उन्हें अन्य कर्मचारियों के समान ही महंगाई भत्ता मिलेगा। प्रतिवर्ष वेतन वृद्धि मिलेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित वेतनमान मिलेगा। वरिष्ठता के आधार पर उनका वेतन निर्धारित होगा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबसे पीछे और सबके नीचे तबके के कल्याण के लिए संकल्पित है। दैनिक वेतनभोगी व्यवस्था को समाप्त कर कर्मचारियों के मध्य भेदभाव को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब सबसे अधिक श्रम करने वाले हजारों कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया गया था। कर्मचारियों के विरोध पर यह फैसला वापस तो लिया गया किन्तु कर्मचारियों में भेदभाव की विडंबनापूर्ण स्थिति बना दी गई थी। प्रदेश सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। 

Advertising