मप्र में 18 हजार बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, बैंकिंग व्यवस्था चरमराई
punjabkesari.in Wednesday, May 30, 2018 - 03:58 PM (IST)
इंदौर : वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे को लेकर बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। इस हड़ताल का असर भी दिखना शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश में करीब 5,000 बैंक शाखाओं में बड़ा असर देखा जा रहा है। युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की मध्यप्रदेश इकाई के संयोजक एमके शुक्ल ने बताया कि हड़ताल के पहले दिन सूबे में सभी 21 सरकारी बैंकों और निजी क्षेत्र के 11 पुराने बैंकों की लगभग 5,000 शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। करीब 18,000 बैंक कर्मचारी इस हड़ताल में हिस्सा ले रहे हैं।
शुक्ल का कहना है, "महंगाई के इस दौर में भारतीय बैंक संघ ने हमारी तनख्वाह में केवल दो प्रतिशत के इजाफे का प्रस्ताव दिया, जो हमें कतई मंजूर नहीं है। हमारी मांग है कि बैंक कर्मचारियों के वेतन में जल्द से जल्द उचित वेतन वृद्धि की जाये।
हड़ताल महीने के अंतिम दो दिनों (30 व 31 मई) को हो रही है, इन दो दिनों में तमाम सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों का वेतन उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है। हड़ताल के चलते इसमें देरी हो सकती है। बैंक कर्मचारियों के तमाम संगठनों का शीर्ष संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) और केंद्र सरकार के बीच इस हड़ताल को टालने के लिए बुलाई गई वार्ता असफल साबित हुई है।