1200 कांग्रेसियों के इस्तीफे से पार्टी में मचा हड़कंप
Sunday, May 27, 2018 - 06:52 PM (IST)
भोपाल: मिनाक्षी नटराजन के इस्तीफे के बाद से ही कांग्रेस में हजारों समर्थकों के सुर बगावती हो गए हैं। एक बार फिर कांग्रेस में इस्तीफों का दौर शुरु हो गया है। अब खरगौन के 1200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जाकर हाईकमान को इस्तीफा सौंपने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि 31 मई से कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह अपनी समन्वय यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। जैसे जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे वैसे पार्टी के भीतर आपसी मतभेदों व नाराजगी की बातें सामने आ रही हैं, जिससे आलाकमान के होश उड़ गए हैं।
कमेटी गठन के चलते कांग्रेस में मनमुटाव
सूत्रों की माने तो जब से चुनाव कमेटी सहित अन्य कमेटियों का गठन किया है तभी से मतभेद खुल कर सामने आने लगे हैं। कांग्रेस ने आने वाले चुनावों के चलते पांच कमेटियों का गठन किया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान द्वारा जिन कमेटियों का गठन किया गया है उसमें कई नेताओं को अपनी उपेक्षा नजर आ रही है, जिसके चलते कांग्रेस के 150 से अधिक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि कांग्रेस इन पदाधिकारियों के घर वापसी की कोशिश में लगी हुई है।
रूठों को मनाएंगे दिग्विजय सिंह
कांग्रेस के रूठों को मनाकर पार्टी में वापसी की जिम्मेदारी दिग्विजय सिंह ने ली है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए इस्तीफे को लेकर कांग्रेस में काफी हलचल मची हुई है। दिग्विजय सिंह इस काम के लिए 13 लोगों की टीम के साथ पूरे प्रदेश का भ्रमण करेंगे और प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस टीम को बनाने का मुख्य उद्देश्य रूठे हुए कांग्रेस समर्थकों को मनाना है।
राजनैतिक प्रतिद्वंद्वी बने टीम का हिस्सा
सबसे रोचक बात यह है कि दिग्विजय सिंह ने जिस टीम का गठन किया है उसयके सदस्यों की आपस में ही नहीं पटती है। इस टीम में राजेंद्र सिंह गौतम है और ये सभी जानते हैं कि वो मीनाक्षी नटराजन के राजनैतिक प्रतिद्वंद्वी भी हैं। टीम में राजेंद्र गौतम का नाम होने से मीनाक्षी पार्टी से काफी नाराज हैं। हालांकि कमलनाथ का दावा है कि राहुल गांधी के मंदसौर दौरे से पहले कांग्रेस के आपसी मतभेदों को दूर कर लिया जाएगा।