रबी फसलों का रकबा घटा

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 10:22 AM (IST)

नई दिल्ली: रबी फसलों का रकबा इस साल पिछले साल के मुकाबले थोड़ा कम दर्ज किया गया है। कृषि मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कुल 617.79 लाख हैक्टेयर भूमि पर रबी की बुआई की गई, जो पिछले वर्ष 2016-17 की समान अवधि के रकब 620.99 लाख हैक्टेयर से 0.52 प्रतिशत कम है।

प्रमुख रबी फसल गेहूं की बुवाई इस सीजन (2017-18) में 298.67 लाख हैक्टेयर दर्ज की गई है, जो पिछले साल की समान अवधि के बुआई आंकड़े 311.17 लाख हैक्टेयर से 4.02 प्रतिशत कम है। वहीं रबी सीजन में इस साल धान का रकबा पिछले साल के मुकाबले 39.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22.32 लाख हैक्टेयर दर्ज किया गया है।

दलहन फसलों की बुआई में हुई बढ़ौतरी
रबी दलहन फसलों की बुआई में इस साल पिछले साल की अपेक्षा बढ़ौतरी हुई है। दलहनों का कुल रकबा इस साल 163.11 लाख हैक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल के 155.76 लाख हैक्टेयर से 4.72 प्रतिशत ज्यादा है। चने का रकबा 7.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.23 लाख हैक्टेयर इस सप्ताह दर्ज किया गया है। मोटे अनाज का कुल रकबा 54.58 लाख हैक्टेयर है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसका रकबा 55.99 लाख हैक्टेयर था।

तिलहन फसलों के प्रति किसानों के रुझान में कमी
इस साल तिलहन फसलों के प्रति भी किसानों के रुझान में थोड़ी कमी आई है। कुल तिलहन फसलों का रकबा अब तक 79.11 लाख हैक्टेयर दर्ज किया गया है जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 82.08 लाख हैक्टेयर था। तिलहन के रकबे में 3.61 प्रतिशत की कमी आई है। प्रमुख रबी तिलहन फसल सरसों का रकबा पिछले साल से 5 प्रतिशत कम है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक देशभर के किसानों ने इस साल 66.60 लाख हैक्टेयर में सरसों की बुआई की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News