P.C.S. अधिकारी ने I.A.S. प्रोमोट करने के लिए कैट में दायर की याचिका

Thursday, Jan 11, 2018 - 06:20 PM (IST)

चंडीगढ़, (संदीप) : पी.सी.एस. से आई.ए.एस. में प्रोमोट करने के लिए पंजाब सिविल सचिवालय-2 में पी.डब्ल्यू.डी. (बी.एंड आर.) में बतौर स्पैशल सैक्रेटरी तैनात माधवी कटारिया ने कैट में याचिका दायर की है। ट्रिब्यूनल ने याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रतिवादी पक्ष भारत सरकार, यू.पी.एस.सी. सैके्रटरी, पंजाब सरकार के मुख्य सचिव व अन्य को 23 जनवरी के लिए नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा है। माधवी कटारिया वर्तमान में पंजाब सरकार में पी.डब्ल्यू.डी. (बी.एंड आर.) में बतौर स्पैशल सैक्रेटरी तैनात हैं। 

ट्रिब्यूनल में दायर याचिका में उनका कहना है कि प्रतिवादी पक्ष को आदेश दिए जाएं कि उनकी वर्ष 2012-13, 2013-14, 2014-15 की ए.सी.आर. को अच्छे से बेहतरीन करने के लिए समीक्षा चयन समिति की बैठक करने के लिए आदेश दिए जाएं, क्योंकि उनकी ए.सी.आर. के आधार पर यू.पी.एस.सी. उन्हें आई.ए.एस. कैडर में प्रमोशन के लिए वर्ष 2015 और 2016 से कंसीडर करेगा और उन्हें पिछली तारीख से सभी लाभ के साथ प्रमोशन मिल सकेगी। वहीं उनके जूनियर्स को पिछली तारीख से प्रमोशन मिल चुकी है। 

याचिकाकर्ता माधवी कटारिया के अनुसार राज्य सरकार 6 दिसम्बर 2017 को उनकी आई.ए.एस. कैडर में पदोन्नति पर विचार करने के लिए यू.पी.एस.सी. को उनकी रिप्रैजैंटेशन फारवर्ड कर चुकी है। ऐसे में अब ट्रिब्यूनल यू.पी.एस.सी. को चयन समीक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के लिए निर्देश दिए जाएं। पंजाब में पी.सी.एस. से आई.ए.एस. कैडर में प्रोमोट करने के लिए वर्ष 2015 से 5 और 2016 से 3 रिक्तियां हैं। याचिकाकत्र्ता की आई.ए.एस. कैडर में प्रोमोशन पर विचार करने के लिए जो पहले से ही विचाराधीन है उस पर यू.पी.एस.सी. को चयन समीक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए जाएं। 

Advertising