बिना परमिशन इमारत तैयार करने वाले 200 लोगों को नोटिस

Monday, Nov 20, 2017 - 07:28 PM (IST)

नयागांव, (मुनीष जोशी): नयागांव में निर्माण कार्य पर रोक के बाद भी लोग बिना नगर काऊंसिल की परमिशन के इमारतें बना रहे हैं। ऐसे लोगों पर अब नगर काऊंसिल ने शिकंजा कसते हुए 200 लोगों को नोटिस भेजा है। नगर में निर्माण कार्यों पर हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है फिर भी लोग निर्माण कार्य धड़ल्ले से कर रहे हैं। नगर काऊंसिल के ई.ओ. चेतन शर्मा के आदेशों पर नगर काऊंसिल की ओर से नगर में सर्वे किया जा रहा है, जिसके तहत टीम अवैध निर्माण करने वाले लोगों की लिस्ट तैयार कर ई.ओ. को सौंप रही है। इसी लिस्ट के तहत नगर काऊंसिल ने 200 लोगों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। 

छुट्टी वाले दिन भी रहेगी निगाह
ई.ओ. चेतन शर्मा ने बताया कि नगर में कई लोग नगर काऊंसिल की परमिशन बिना ही निर्माण कार्य कर रहे हैं। बार-बार लोगों को जागरूक करने के बाद भी वे नहीं मान रहे हैं और छुट्टी वाले दिन निर्माण कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। अब नगर काऊंसिल ने फैसला लिया है कि नगर में शनिवार, रविवार और अन्य छुट्टी वाले दिनों में निर्माण कार्य पर निगाह रखी जाएगी, ताकि कोई भी निर्माण कार्य नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि नगर में बिना परमिशन के निर्माण कार्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

जिन जगहों पर हाईकोर्ट ने निर्माण कार्य करने पर रोक लगा रखी है और जो लोग बिना नगर काऊंसिल की परमिशन के निर्माण कार्य कर रहे हैं उनके खिलाफ नगर काऊंसिल ने अभियान छेड़ रखा है। ऐसे ही 200 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। 
-जवाहर सागर, एस.डी.ओ., नगर काऊंसिल नयागांव।

Advertising