मेहसाणा में पाटीदारों का भाजपा के समर्थन में विशाल रैली

Saturday, Nov 18, 2017 - 05:33 PM (IST)

महेसाणा: गुजरात मेें चुनावी गहमागहमी के बीच पाटीदार समुदाय का एक प्रमुख गढ़ कहे जाने वाले उत्तरी जिले महेसाणा में पाटीदार संकलन समिति ने सत्तारूढ भाजपा के समर्थन में एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली। शहर के राधनपुर रोड पर बायपास सर्किल से दोपहर करीब ढाई बजे शुरू होकर पूरे शहर में लगभग 15 से 20 किमी का चक्कर लगाने वाली रैली चाइना गार्डन के पास समाप्त हुई।

वहां उपमुख्यमंत्री तथा पाटीदार समुदाय के वरिष्ठ नेता और भाजपा में इस समुदाय के एक प्रमुख चेहरे और महेसाणा के विधायक सह इस बार भी पार्टी के उम्मीदवार नीतिन पटेल ने एक सभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पाटीदार हमेशा से भाजपा के साथ रहे हैं। वर्षों से सत्ता से बाहर रही कांग्रेस हताशा में जातिवादी राजनीति कर रही है। हार्दिक और पास की आरक्षण में नहीं बल्कि कांग्रेस के टिकट में रुचि है।

ज्ञातव्य है कि सैकड़ो मोटरसाइकिल वाली इस रैली का विरोध कर रहे हार्दिक पटेल के संगठन पास के करीब दस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बी डिवीजन क्षेत्र में हिरासत में ले लिया। पाटीदार संकलन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र पटेल ने कहा कि हार्दिक और पास का कांग्रेस की मदद के लिए समुदाय को बांटने का षडयंत्र अब सबके समक्ष आ गया है।

Advertising