भारत का 2020 तक विदेशी पर्यटकों की संख्या 2 करोड़ करने का लक्ष्य

Thursday, Jan 18, 2018 - 06:11 PM (IST)

मुंबईः भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की 2017 में संख्या एक करोड़ रही और इसे अगले तीन साल में बढ़ाकर 2 करोड़ किए जाने का लक्ष्य है। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री के. जे. अल्फोंस ने कहा कि वर्ष 2017 में 1 करोड़ से ज्यादा विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ, यदि इसमें गैर-निवासी भारतीय की संख्या भी जोड़ ली जाए तो यह संख्या 1.7 करोड़ से ऊपर होती है। इनसे होने वाली आय डॉलर में 20.2 प्रतिशत बढ़ गई है, विश्व में पर्यटन वृद्धि की तुलना में यह बहुत बेहतर है जहां पांच प्रतिशत से कम वृद्धि हुई है।’’ उन्होंने कहा कि यह बहुत रोमांचित करने वाले आंकड़े हैं और सरकार 2020 तक विदेशी पर्यटकों के आगमन को दोगुना करने की दिशा में काम कर रही है।

इसे साकार करने के लिए हम राज्य सरकारों और उद्योग के साथ काम कर रहे हैं, क्योंकि इसमें उनकी बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए हम सब मिलकर काम कर रहे हैं ताकि इसे साकार कर सकें।’’  उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में भारत का बहुत बेहतर प्रदर्शन रहा है। विदेशी पर्यटक आगमन मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का 13वां और एशिया-प्रशांत में सातवां स्थान है।  आगामी पर्यटन नीति पर अल्फोंस ने कहा कि यह अगले दो-तीन महीने में जारी हो जाएगी। हम लोगों के विचार शामिल करने की प्रक्रिया में हैं। आगामी आम बजट से उम्मीद के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें इस वर्ष पिछले साल से अधिक राशि मिलने की आशा है। 
 

Advertising