अर्थव्यवस्था के आंकड़ों पर इतरा रही है सरकार: कांग्रेस

Friday, Dec 01, 2017 - 07:25 PM (IST)

नई दिल्ली : कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था में सुधार होने के सरकार के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ऐसे आर्थिक आंकड़ों पर‘इतरा’रही है जो वास्तविक स्थिति नहीं दिखाते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था आजादी के बाद सबसे खराब दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत से बढ़कर 6.3 प्रतिशत हो गई है। जिसपर सरकार दावा कर रही है कि आर्थिक स्थिति में सुधार शुरू हो गया है। लेकिन वास्तव में स्थिति बेहद खराब है।

उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के आंकडों में वृद्धि आधार वर्ष बदलने के कारण दिखाई दे रही है। अगर यह गणना 2004-05 के आधार वर्ष पर की जाए तो यह आंकड़ा 6.3 प्रतिशत नहीं बल्कि 4.3 प्रतिशत है। यह बात कांग्रेस पार्टी ही नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा भी कह रहे हैं। नोटबंदी और वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) का प्रभाव खत्म होने के केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली के बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के परिणामों पर इसका असर दिखाई देगा। 

Advertising