स्वर्ण भंडार में बड़ी गिरावट से घटा विदेशी मुद्रा भंडार

Friday, Nov 10, 2017 - 05:40 PM (IST)

मुंबईः स्वर्ण भंडार में बड़ी गिरावट के कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार तीसरे सप्ताह घटता हुआ 03 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 398.74 अरब डॉलर रह गया। सप्ताह के दौरान इसमें 2.22 करोड़ डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले 27 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.16 अरब डॉलर घटकर 398.76 अरब डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक द्वारा आज यहाँ जारी आँकड़ों के अनुसार, 03 नवंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 57.36 करोड़ डॉलर घटकर 20.67 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 54.78 करोड़ डॉलर की बढ़त के साथ 374.32 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 22 लाख डॉलर बढ़कर 2.26 अरब डॉलर तथा विशेष आहरण अधिकार 14 लाख डॉलर बढ़कर 1.49 अरब डॉलर हो गया। 

Advertising