पीएम मोदी की कार्यशैली से नाराज भाजपा सांसद ने दिया लोकसभा से इस्तीफा

punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2017 - 07:24 PM (IST)

नागपुर: महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद नानाभाऊ पटोले ने आज इस्तीफा दे दिया। पटोले ने इस्तीफा देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाया। पटोले वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल को हराकर सांसद बने थे।

उन्होंने केन्द्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री के सामने किसानों के मुद्दे उठाए थे, जिसे नहीं सुना गया था। पटोले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस से भी नाराज बताए जाते हैं। पटोले ने आज दिल्ली जा कर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हाल ही में भाजपा के पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा ने किसानों के पक्ष में अकोला में आंदोलन किया जिसमें पटोले भी शामिल हुए थे।

वर्ष 1999 और 2004 में पटोले ने लखंदूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे कर वर्ष 2009 में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लोकसभा का चुनाव प्रफुल्ल पटेल के खिलाफ लडा लेकिन वह चुनाव हार गए थे। वर्ष 2014 के लोकसभा के चुनाव में पटोले भाजपा के टिकट पर चुनाव लडे थे और पटेल को 1.49 लाख मतों से हराया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News