इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 92 प्रतिशत हिस्सा दुपहियों का

Sunday, Nov 26, 2017 - 01:46 PM (IST)

नई दिल्लीः देश में बिकने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों में 92 प्रतिशत हिस्सा मोटरसाइकिल व स्कूटर जैसे दुपहिया वाहनों का है। इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनियों को उम्मीद है कि इस खंड की  बढ़त फिलहाल बनी रहेगी हालांकि केंद्र व राज्य सरकारों ने सार्वजनिक व सरकारी परिवहन बेड़े में बिजली से चलने वाले बड़े वाहनों की संख्या बढ़ाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

वर्ष 2016-17 में देश में कुल मिलाकर 38,966 इलेक्ट्रिक वाहन बिके। सोसायटी आफ मैन्यूफेक्चर्स आफ इलेक्ट्रिक वीकल (एसएमईवी) का कहना है कि उक्त वाहनों में से 92 प्रतिशत दुपहिया व केवल 8 प्रतिशत चौपहिया वाहन रहे। विशेषज्ञों व कंपनियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में दुपहिया वाहनों का बड़ा हिस्सा आने वाले दिनों में भी बना रहेगा।

उल्लेखनीय है कि भारत को दुपहिया वाहनों का देश कहा जाता है। देश में  हर महीने औसतन 17 लाख से अधिक दुपहिया वाहन बिकते हैं। इस अक्तूबर में 17,50,966 दुपहिया वाहन बिके जिनमें मोटरसा?इकिल, स्कूटर व मोपेड शामिल हैं। एस.एम.ई.वी. के निदेशक सोहिंदर  गिल ने कहा-भारत दुपहियों का देश है इसलिए आने वाले में जो इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन आएंगे उनको फायदा मिलेगा। यानी वे अन्य वाहनों की तुलना में बढ़त में रहेंगे। उनके साथ कम लागत व आसान रखरखाव का फायदा भी जुड़ा हुआ है।    

Advertising