राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज आज करेंगे ध्वजारोहण

punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2015 - 03:11 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (धमीजा): गणतंत्र दिवस समारोह मनाने के लिए द्रोणाचार्य स्टेडियम सजकर पूरी तरह से तैयार है। स्टेडियम को सजाने के लिए हरे, पीले, नीले, गुलाबी, लाल व सुनहरी रंग के झंडे लगाए गए हैं। स्टेडियम के सभी पंडालों को जामुनी पट्टियों से सजाया गया है। समूचा पंडाल तिरंगी पट्टियों से शोभायमान हो रहा है। द्रोणाचार्य स्टेडियम में बने मुख्य मंच के बिल्कुल सामने लघु सचिवालय भवन पर फहराता तिरंगा झंडा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस के लिए मानो आमंत्रित कर रहा है और इस बार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देने के लिए फ्लैक्स भी लगाए गए हैं।

लघु सचिवालय के दोनों ओर बड़ी-बड़ी लाइटें लगाई गई हैं। स्टेडियम में टुकडिय़ों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पी.टी. शो, लेजियम, डम्बल, योगा, मलखम्भ व मुख्यातिथि के लिए सुसज्जित गाड़ी आदि के लिए सफेदी लगाकर स्थान निर्धारित कर दिया गया है। प्रवेश द्वार पर खूबसूरत रंगोली बनाई गई है और मुख्य मंच के बिल्कुल सामने लाल रंग के मिट्टी के गमलों में लगे पौधे शोभायमान हो रहे हैं। मौसम को देखते हुए पंडाल पूरी तरह से वाटर प्रूफ बनाया गया है। स्टेडियम में वी.आई.पी. पर्सन, स्वतंत्रता सैनानी, प्रैस, अधिकारीगण, पुरस्कार विजेता, परिवारों व दर्शकों के बैठने के लिए इनक्लोजर बनाए गए हैं। उपायुक्त सी.जी. रजनीकांथन ने स्टेडियम में तैयारियों को लेकर जायजा लिया और बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में पर्यटन एवं परिवहन राज्य मंत्री कर्णदेव कम्बोज ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे।

1500 से ज्यादा विद्याॢथयों प्रस्तुत करेंगे पी.टी. शो

गणतंत्र दिवस पर 5 स्कूलों के 800 विद्यार्थी पी.टी. शो, आर्य सीनियर सैकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी डम्बल शो, पूजा मॉडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल पिपली के विद्यार्थी लेजियम और डी.ए.वी. स्कूल सैक्टर-3 के विद्यार्थी योगा की प्रस्तुति देंगे।

किन-किन विभागों की होंगी झांकियां
गणतंत्र दिवस पर कृषि विभाग व जिला उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, वन, अतिरिक्त उपायुक्त (डी.आर.डी.ए.), जिला उद्योग केंद्र, शाहाबाद को-आप्रेटिव शूगर मिल, स्वास्थ्य विभाग, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, महिला एवं विकास विभाग, जन स्वास्थ्य आभियांत्रिकी मंडल, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग तथा जिला विकास एवं पंचायत विभाग, रैडक्रॉस व जिला बाल कल्याण विभाग द्वारा झांकी के माध्यम से अपने-अपने विभाग की योजनाओं और प्रगति को सबके सामने रखा जाएगा।

डी.एस.पी. मुख्यालय सतीश गौतम करेंगे परेड का नेतृत्व
गणतंत्र दिवस की परेड की कमांड डी.एस.पी. मुख्यालय सतीश गौतम करेंगे। इसके साथ हरियाणा पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व ए.एस.आई. तरसेम चंद, महिला पुलिस टुकड़ी का नेतृत्व ए.एस.आई. तारो, होमगार्ड की टुकड़ी का नेतृत्व एस.एस. मुल्तानी, एन.सी.सी. आर्मी विंग का नेतृत्व सार्जेंट आशीष कुमार, एन.सी.सी. जूनियर विंग का नेतृत्व सार्जेंट संदीप कुमार, एन.सी.सी. विंग की टुकड़ी का नेतृत्व सैजल वधवा, स्काऊट गाइड्स का हर्ष नयन, अग्रसेन स्कूल से प्रजातंत्र के प्रहरी टुकड़ी, अग्रसैन स्कूल के बैंड का नेतृत्व संकल्प और पुलिस बैंड का नेतृत्व रेणु करेंगी।

गणतंत्र दिवस की परेड के लिए जवान तैयार
पिहोवा (वधवा): गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने और इस राष्ट्रीय पर्व को गौरवमयी ढंग से बनाने के पुलिस, एन.सी.सी. के जवानों ने पूरी तैयारी कर ली है। इस बार एस.डी.एम. डा. किरण सिंह अनाजमंडी के प्रांगण में ध्वजारोहण करेंगी। इस समारोह के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस समारोह को यादगार बनाने के लिए उपमंडल के करीब एक दर्जन स्कूल के 1,000 से भी ज्यादा विद्यार्थी परेड, पी.टी.शो व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेंगे।

तहसीलदार नौरंग दास ने बताया कि 26 जनवरी समारोह के उपमंडल प्रशासन ने अपने स्तर पर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने इस समारोह में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग अधिकारियों के नेतृत्व में कई कमेटियों का गठन किया गया है। इस कमेटी के साथ संबंधित महकमे के कर्मचारियों को सब कमेटी में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय को अनाजमंडी के प्रांगण में मनाने के लिए उपमंडल के सभी लोगों को शिरकत करनी चाहिए। इसके अलावा सभी सरकारी महकमों के आलाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने गणतंत्र दिवस परम्परागत ढंग से बनाने के लिए सभी अधिकारियों को ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वाह करने के निर्देश दिए हैं।

व्यवस्था के लिए 9 अधिकारी नियुक्त
गणतंत्र दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों, वी.आई.पी., अधिकारियों, गण्यमान्य लोगों, पत्रकारों व अन्य व्यवस्था को लेकर एस.डी.एम. डा. किरण सिंह ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बी.डी.पी.ओ., मार्कीट कमेटी सचिव, पंचायती राज के उपमंडल अधिकारी, नगरपालिका सचिव, बी.ई.ओ. व एस.डी.ओ.पी.डब्ल्यू.डी. को नियुक्त किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News