बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; ईमानदार सरकार का आश्वासन दिया

punjabkesari.in Wednesday, Jul 28, 2021 - 11:17 PM (IST)

बेंगलुरु, 28 जुलाई (भाषा) बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां राज भवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में नेतृत्त्व परिवर्तन को लेकर महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया।

कर्नाटक में भाजपा के विधायक दल ने मुख्यमंत्री पद पर असमंजस को खत्म करते हुए मंगलवार शाम को 61 वर्षीय बोम्मई को अपना नया नेता चुना था। बोम्मई ने कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा का स्थान लिया है।

उत्तर कर्नाटक से लिंगायत समुदाय के नेता बोम्मई को येदियुरप्पा का करीबी माना जाता है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाने में वरिष्ठ भाजपा नेता की पूरी सहमति है।
जैसे ही बोम्मई ने मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, मंत्री पद के उम्मीदवारों ने नए मंत्रिमंडल में अपना स्थान सुरक्षित करने के लिए लामबंदी शुरू कर दी।
नए मुख्यमंत्री के सामने मंत्रिमंडल का विस्तार करना पहली बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि उन्हें राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर गुटों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए कैबिनेट गठन की कवायद से गुजरना होगा।
पार्टी के पुराने नेताओं और 2019 में कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए कई विधायक मंत्री पद के लिये दावेदारी पेश कर रहे हैं।

बुधवार को बोम्मई ने अकेले शपथ ली। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार पर पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘मैंने केंद्रीय पर्यवेक्षक धर्मेंद्र प्रधान, जी किशन रेड्डी और महासचिव सिंह से मुलाकात की थी, उन्होंने कहा कि आज इस पर चर्चा नहीं करते हैं, जब वे दिल्ली वापस चले जाएंगे, तब देखते हैं।’’
यह पूछने पर कि क्या वह मंत्रिमंडल विस्तार के लिए ‘‘आषाढ़’’ महीने का इंतजार करेंगे जिसे अशुभ माना जाता है। इस पर उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा कुछ नहीं है। हम जल्द से जल्द इसे करेंगे, ज्यादा वक्त नहीं लेंगे क्योंकि मुझे कोविड और बाढ़ के कारण काम करने के लिए पूरी टीम चाहिए।’’
यह पूछने पर कि क्या उनके मंत्रिमंडल में पहले वाले मंत्री ही रहेंगे, इस पर बोम्मई ने कहा कि ये सभी मंत्रिमंडल गठन का हिस्सा हैं और ‘‘सभी के बारे में मिलकर फैसला लिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि वह अपने दिल्ली दौरे पर इस पर चर्चा तथा फैसला करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले बोम्मई ने येदियुरप्पा, प्रधान, रेड्डी और सिंह से मुलाकात की।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद, बोम्मई ने विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिवों और प्रधान सचिवों के साथ एकल सदस्यीय कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।

मुख्यमंत्री ने बाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एक प्रभावी, ईमानदार और जनता के लिए काम करने वाली सरकार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार एक टीम के तौर पर काम करेगी। हमारी सरकार कोविड तथा अन्य स्वास्थ्य मुद्दों के साथ ही बाढ़ से प्रभावित लोगों के बचाव के लिए आएगी। हमारे सभी फैसले यह ध्यान में रखते हुए लिए जाएंगे कि समाज के अंतिम व्यक्ति- गरीब, किसानों, पिछड़े और शोषित लोगों को उसका लाभ मिले तथा क्षेत्रीय असंतुलन से भी मुक्ति मिले।’’
उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके प्रशासन में सत्ता के कई केंद्र नहीं होंगे। बोम्मई ने उनके ‘ रबर स्टैंप मुख्यमंत्री’ होने की आशंका को भी खारिज कर दिया है।


उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सरकार कर्नाटक के इतिहास में केवल जनहितकारी प्रशासन की मुहर होगी और मैं इसका भरोसा देता हूं।’’ बोम्मई ने यह बात पत्रकारों के उस सवाल के जवाब में कही जिसमें उन्होंने पूछा था कि पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का विश्वस्त होने की वजह से कुछ धड़े उन्हें रबर स्टैंप मुख्यमंत्री होने की बात कही जा रही है।
येदियुरप्पा के आस-पास बने सत्ता के केंद्र के अब भी सक्रिय होने के सवाल पर बोम्मई ने कहा कि उनके प्रशासन में सत्ता का केंद्र टीम होगी, न कि कोई व्यक्ति।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्रणाली और संविधान में मुख्यमंत्री का पद है, कैबिनेट है, नौकरशाही, कार्यकारी और न्यायपालिका है। मुख्यमंत्री सभी बराबर लोगों में पहला है, वह टीम का नेता है और मैं सभी को साथ लेकर चलना चाहता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत किसानों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति कार्यक्रम और वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन में वृद्धि की घोषणा की।

पत्रकारों से बात करते हुए बोम्मई ने कहा कि उनकी सरकार किसानों और समाज के गरीब तबके के वास्ते काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ''''मेरी पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय इस दिशा में पहला कदम है।’’
बोम्मई ने कहा, ‘‘हम किसानों के बच्चों के लिए एक कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ गरीब तबके की मदद करने का भी फैसला किया है।’’
उन्होंने कहा कि किसानों के बच्चों के बीच उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने और यह देखने के लिए कि वे शिक्षा से वंचित नहीं हैं, एक नया छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पहले नहीं था।’’
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एस आर बोम्मई के बेटे बोम्मई सोमवार को भंग हुई येदियुरप्पा की मंत्रिपरिषद में गृह मामलों, कानून, संसदीय मामलों और विधायी मामलों के मंत्री थे। कर्नाटक में एच डी देवगौड़ा और एच डी कुमारस्वामी के बाद यह पिता-पुत्र की दूसरी जोड़ी है जो मुख्यमंत्री बने हैं।

बोम्मई हावेरी जिले में शिगगांव से तीन बार के विधायक हैं तथा दो बार वह पार्षद रहे हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रधान और जी किशन रेड्डी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं कर्नाटक के प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील और राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि तथा कई अन्य नेता मौजूद रहे। प्रधान और रेड्डी को विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा के संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
बोम्मई को ‘‘साफ और अविवादित’’ छवि के लिए जाना जाता है। हालांकि, येदियुरप्पा ने कहा था कि वह अपने उत्तराधिकारी का नाम नहीं देंगे लेकिन यह स्पष्ट है कि बोम्मई के चयन में उनकी प्रमुख भूमिका थी।
ऐसा कहा जा रहा था कि भाजपा बुजुर्ग नेताओं को हटाने पर ध्यान दे रही थी लेकिन 2023 में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लिंगायत समुदाय के नेता को चुनकर पार्टी ने सुरक्षित चयन किया। लिंगायत समुदाय कर्नाटक में भाजपा का प्रमुख वोट बैंक है। येदियुरप्पा भी इसी समुदाय से आते हैं।

जनता दल से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले बोम्मई को हाल में भंग भाजपा सरकार में येदियुरप्पा की ‘परछाई’ के तौर पर काम करते हुए देखा गया। वह बैठकों, कार्यक्रमों तथा प्रेस बीफ्रिंग में उनके साथ रहे।

येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने पर महीनों से लगायी जा रही अटकलों को विराम देते हुए सोमवार को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस्तीफा ऐसे दिन दिया, जब उनकी सरकार को दो साल पूरे हुए।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News