राशि अनुसार जानें, बुध का मकर राशि में प्रवेश आपके जीवन में क्या परिवर्तन लाएगा

punjabkesari.in Sunday, Dec 27, 2015 - 01:33 PM (IST)

बुध ग्रह ज़्यादातर सूर्य के सानिध्य में रहता है। बुध ग्रह कालपुरुष की कुंडली में तृतीय और छठे भाव का प्रतिनिधित्व करता है। बुध व्यक्ति को कला-कौशल देकर जीवन-यापन का साधन बनवाता है। बुध व्यक्ति को गायन क्षेत्र में कौशल प्रदान करता है। बुध का कुंडली में बिगड़ना जीवन की भाग-दौड़ में तनावपूर्ण लाइफ स्टाइल को जन्म देता है। नवग्रह के राजकुमार बुद्ध देव दोहरे स्वभाव के ग्रह हैं। बुध का राशि परिवर्तन अच्छाई व बुराई अपने साथ लेकर आएगा। बुध के शुभाशुभ प्रभाव के बावजूद बेहतर जीवनशैली का चुनाव आपको स्वयं ही करना पड़ेगा। सोचिए अगर ईयर एंड में आपको यह मालूम हो कि आने वाले समय कैसा रहेगा या महत्वपूर्ण दिनों की शुभता-अशुभता को ध्यान में रखते हुए, किए जाने वाले कार्यों का नियोजन कर लिया जाए तो आपके लिए यह बहुत सहायक रह सकता है। इस क्रम में इस लेख के माध्यम से आपको बताने जा रहे हैं बुध का मकर राशि में गोचर आप के लिए क्या शुभाशुभ परिणाम लाएगा।

ज्योतिषशास्त्र के पंचांग खंड अनुसार बुध ग्रह ने शनिवार दिनांक 26.12.15 को रात 11 बजकर 56 मिनट पर बृहस्पति की राशि धनु को त्यागकर अपने परम मित्र शनि की राशि मकर में प्रवेश कर गए हैं। इससे पूर्व में बुधदेव गुरु की राशि धनु में व सूर्य के नक्षत्र उत्तराषाड़ा के चौथे चरण में चला रहे हैं। बुध धनु राशि में शनिवार दिनांक 26.12.15 तक विद्यमान थे। बुध मकर से कुंभ राशि में बुधवार दिनांक 22.02.16 प्रवेश करेंगे। इस दौरान बुध वक्र होकर पुनः मकर से धनु राशि में भी जाएंगे। शास्त्रानुसार मकर राशि का संबंध जल तत्व से है। जब कभी भी बुध शनि की राशि में आते हैं तब बुध की प्रभाव में अत्यधिक वृद्धि होती है। बुध का अपने मित्र शनि के घर जाना आपको किस प्रकार के फल दे सकता है। अगर आपको यह पहले ही बता दिया जाए तो निश्चित रूप से जीवन की गतिविधियों को सहज करने में मदद मिल सकती है। आइए आपको बुध ग्रह के शनि की राशि मकर में जाने के फलों से अवगत कराते हैं।

मेष:
बुध के दसवें भाव में गोचर से प्रतिभाओं को दिखाने का मौका मिलेगा। प्रॉफ़ेशन में नई जगह पर तबादला संभव है। भावशील व स्नेहमय स्वभाव के कारण खुशहाल वैवाहिक जीवन व्यतीत करेंगे। प्रेम में सफलता मिलेगी।

वृष: बुध के नवें भाव में गोचर से अच्छे परिणाम नहीं मिलेंगे। समय धार्मिक कार्यों में बीतेगा। खर्चों पर नियंत्रण रखें अन्यथा आर्थिक समस्याएं आएंगी। बोलने से पूर्व अच्छी तरह विचार करें। वाणी किसी को ठेस पहुंचा सकती है।

मिथुन: बुध के आठवें भाव में गोचर से वरिष्ठ लोगों के साथ मतभेद होगा। निजी जीवन में परेशानियों का सामना होगा। शुभचिंतक आपकी मदद नहीं कर पाएंगे। सर्दी की तकलीफ़ से परेशान रहेंगे। बेहतर स्वास्थ्य हेतु योग कारगर रहेगा।

कर्क: बुध के सातवें भाव में गोचर से जीवनसाथी के साथ सुखमय समय व्यतीत करेंगे। माता-पिता की सेहत का ध्यान रखें। समय आर्थिक रूप से सुखद रहेगा। धन-संपत्ति अर्जित करेंगे। विद्यार्थियों हेतु प्रतियोगिता हेतु समय शुभ है।

सिंह: बुध के छठे भाव में गोचर से स्वार्थ की भावना व चतुराई बढ़ी चढ़ी रहेगी। क़ामयाबी हेतु आप कुछ भी करने को तैयार रहेंगे। गाड़ी संभलकर चलाएं दुर्घटना संभव है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। धन को संचय करने की कोशिश करें।

कन्या: बुध के पांचवें भाव में गोचर से प्रेम संबंध जगज़हीर होंगे। निजी जीवन को काम की चिंताओं से दूर रखें। ऑफिस में विवाद के शिकार हो सकते हैं। मानसिक तनाव गुस्से का कारण बनेगा। कोई शुभ कार्यक्रम होना भी संभव है।

तुला: बुध के चौथे भाव में गोचर से मिक्स्ड परिणाम मिलेंगे। निर्णय लेने से पूर्व परिस्थिति जांचे। स्किन प्रोब्लेम परेशान करेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। उत्साहपूर्वक कार्य करेंगे। विरोधी नतमस्तक होंगे। स्वयं में सकरतमकता लाएं।

वृश्चिक: बुध के तीसरे भाव में गोचर से स्वाभाव में विशिष्टता आएगी। ग़लत स्वभाव आपको कुंठित करेगा। शराब या सिगरेट पीने जैसी ग़लत आदतों में फंस सकते हैं अतः नशीले चीज़ों से दुर रहें। पारिवारिक क्लेश की स्थिति बनेगी।

धनु:
बुध के दूसरे भाव में गोचर से आपका झुकाव आध्यात्म की ओर बढ़ेगा। कला सम्बंधित विषयों में भी रूचि बढ़ेगी। इस समय आपके रिश्ते और मज़बूत होंगे। आपको अपने दोस्तों और भाई-बहनों का भी साथ तथा स्नेह मिलेगा।

मकर:
बुध के पहले भाव में गोचर से आमोद-प्रमोद की वृद्धि होगी। सोच-विचार करने के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे। प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हटेंगे व टिप्पणी देने की आदत में इजाफ़ा होगा। मन में ईर्ष्या की भावना उत्त्पन्न होगी।

कुंभ: बुध के बाहरवें भाव में गोचर से बुरे दिन जल्द ख़त्म होंगे। अत्यधिक सोचने वाली आदत को नियंत्रित करें। बच्चों से कोई ख़ुशी की ख़बर सुनने को मिलेगी। वरिष्ठ लोगों का सहयोग मिलेगा। पारिवारिक शांति का माहौल बना रहेगा।

मीन: बुध के ग्यारहवें भाव में गोचर से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। पारिवारिक सामंजस्य का वातावरण रहेगा। प्रॉफ़ेशन में सहकर्मियों के ख़िलाफ़ रणनीति बनाएंगे। गंभीर आरोप के शिकार हो सकते हैं। कला के प्रति रुझान बढ़ेगा।

आचार्य कमल नंदलाल
ईमेल: kamal.nandlal@gmail.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News