पति व सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज

Saturday, Oct 14, 2017 - 12:13 PM (IST)

जींद: जुलाना के राजगढ़ गांव में विवाहिता के फंदा लगाकर जान देने पर जुलाना थाना पुलिस ने पति तथा सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। राजगढ़ के राजा की पत्नी कविता(28) ने संदिग्ध परिस्थितियों के चलते घर में पंखे से फंदा लगा लिया। जब तक कविता को फंदे से उतारा जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस तथा मायका पक्ष मौके पर पहुंच गया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतका के भाई किन्नर गांव के सोनू ने पुलिस शिकायत में बताया कि कविता की शादी लगभग 10 साल पहले राजा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग कविता को तंग कर रहे थे। इसको लेकर कई बार घरेलू स्तर पर पंचायत भी हुई।

सोनू ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन भी राजा तथा उसकी मां ने कविता से मारपीट की। उसी उत्पीडऩ के चलते कविता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोनू की शिकायत पर पति राजा तथा सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

Advertising