हॉस्टल में 8वीं की छात्रा से दरिंदगी: गर्भवती होने पर हुआ खुलासा, स्कूल का डायरेक्ट और गार्ड गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 10:53 AM (IST)

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में छात्रावास में रह रही कक्षा आठ की छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में एक निजी स्कूल के निदेशक और सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा गार्ड ने छात्रा के साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। 

वहीं, स्कूल निदेशक पर मामले को दबाने का आरोप लगाया गया है। रंगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि प्राथमिकी में नामजद दोनों आरोपियों को एक अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता के परिवार की शिकायत के अनुसार, छात्रा स्कूल के छात्रावास में रहती थी। आरोपी सुरक्षा गार्ड ने उसे डराकर और धमकाकर सात से आठ बार कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके कारण छात्रा डरी रही और उसने किसी को कुछ नहीं बताया। 

यह भी पढ़ें- बिहार में गंडक का कहर: सारण के नए इलाकों में घुसा पानी, 28 स्थानों पर गंभीर बाढ़ की स्थिति

परिजनों ने बताया कि हाल में छात्रा की तबीयत बिगड़ने और पेट में तेज दर्द होने पर वे उसे चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सकीय जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसने परिवार को पूरी घटना बताई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 30 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। साहिबगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विभाग ने गुरुवार को अगले आदेश तक स्कूल बंद रखने और परिसर में संचालित छात्रावास को खाली कराने का निर्देश दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News