कश्मीर घाटी के बाजारों में उमड़ी भीड़

Sunday, Nov 20, 2016 - 03:46 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में आज लगातार दूसरे दिन बाजारों में खासी चहलपहल रही। लगातार चार महीने तक चली हड़ताल के बाद अलगाववादियों ने सप्ताहांत पर इसमें छूट दी है। दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे और बाजारों में भीड़ बनी रही।  साप्ताहिक संडे बाजार में भी लोग पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक वाहन सामान्य रूप से चले और जिला कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई।

उन्होंने बताया कि यातायात में वृद्धि होने के कारण अधिक संख्या में यातायातकर्मियों को सड़कों पर तैनात किया गया है।  घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों में भी बाजारों में भीड़ की खबर प्राप्त हुई। कल से कई स्कूल खुल गए हैं और कुछ तो आज भी खुले रहे। घाटी में बीते कुछ हफ्तों से शांति कायम है। जारी आंदोलन की अगुवाई कर रहे अलगावादी साप्ताहिक विरोध कार्यक्रम जारी कर रहे हैं।  उन्होंने कल से हड़ताल में दो दिन की पूरी छूट की घोषणा की है। बीते चार महीने में पहली बार इस तरह की छूट दी गई है। 

Advertising