आतंक पर आस्था भारी, बेखौफ नजर आए शिवभक्त

Thursday, Jun 29, 2017 - 06:01 PM (IST)

श्रीनगर : बाबा अमरनाथ की व्रिषिक यात्रा का पहला जत्था बालटाल से गुरूवार सुबह रवाना हो गया है। इस जत्थे में 1811 पुरुष, 422 महिलाएं और 47 साधु शामिल हैं। कुल मिलाकर 2280 श्रद्धालुओं को एक बार में ही भेजा गया है। यात्रा मार्ग पर यात्री बेखौफ नजर आए। हर श्रद्धालु के हौसले बुलंद थे। हर कोई बाबा बर्फानी के दर्शनों को लालायित था। इस विशेष मौके पर बुलाए गए जंगम समूह भी आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं में विशेषकर अति उत्साह देखा गया। बम-बम भोले, हर-हर महादेव, जय बाबा बर्फानी के जयघोष से पूरा भगवती नगर शिवमय हो गया। 

 


यात्री निवास में दिखा देशभक्ति का जज्बा, श्रद्धालुओं ने तिरंगा फहराया 
बुधवार को दक्षिण कश्मीर के बालटाल और पहलगाम बेस कैम्प के लिए रवाना होने से पूर्व यात्री निवास जम्मू में सुबह का नजारा कुछ और ही था। एक तरफ श्रद्धालु ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगा रहे थे तो दूसरी तरफ कई श्रद्धालु हाथों में तिरंगा थामे ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे थे। यात्रा रवाना होने तक श्रद्धालु तिरंगा फहराते रहे। 

 

पहली बार सी.आर.पी.एफ. की बैंड पार्टी बुलाई
यात्री निवास भगवती नगर में प्रथम जत्थे को रवाना करने के अवसर पर पहली बार सी.आर.पी.एफ. की बैंड पार्टी ने परफार्म किया। बैंड पार्टी ने भजन पर अपनी धुनें पेश कीं। इसके अलावा ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तान हमारा’ आदि देशभक्ति गीत की धुनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मनमोह लिया। 

 


ड्रोन से रखी गई कड़ी नजर
जम्मू के आधार शिविर यात्री निवास से यात्रा रवाना होने तक ड्रोन से कड़ी नजर रखी गई। यह पहला अवसर है जब आतंकी हमले के खतरे को लेकर हर प्रकार के सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। यात्री निवास में सुरक्षा के दृष्टिगत सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाए गए हैं जिसके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति पर कैमरे की नजर है। सुरक्षा को हाईटैक बनाते हुए इस बार ड्रोन से नजर रखी गई। जब तक यात्रा तवी पुल को क्रॉस नहीं कर गई, तब तक ड्रोन उड़ान भरता रहा। 

 

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
भगवती नगर से सुबह यात्रियों को कश्मीर रवाना करने के मद्देनजर जम्मू के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। भगवती नगर से लेकर जम्मू के चौथे पुल और विक्रम चौक से लेकर मांडा तक सी.आर.पी.एफ., एस.एस.बी. और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। दूसरी ओर यात्री निवास के पास 3 लेयरों में सुरक्षा घेरा बनाया गया था। स्निफर डॉग स्क्वायड की तैनाती भी की गई थी। 

 


हमें आतंकियों का कोई डर नहीं 
दक्षिण कश्मीर की ओर रवाना हुए अमरनाथ यात्रियों में आतंकी हमले को लेकर किसी प्रकार का खौफ नहीं दिखा। कश्मीर के हालात जानते हुए श्रद्धालु हर कीमत पर बाबा बर्फानी के दर्शन करना चाहते थे। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आए संजय कुमार ने कहा कि कुछ दिन पूर्व यू.पी. के यात्रियों पर पत्थरबाजों द्वारा हमले की सूचना आई थी और इसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात कही गई थी, जिसके चलते हजारों लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कैंसिल करवा दिया था। उन्होंने कहा कि अब कुछ स्वार्थी लोग अमरनाथ यात्रा में खलल डालना चाहते हैं। शरारती तत्वों ने पिछले साल भी यात्रा रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। इस बार भी वे यात्रा को प्रभावित नहीं कर पाएंगे, क्योंकि यात्रियों के बुलंद हौसले के आगे उनकी एक नहीं चलेगी। उन्होंने सेना और सुरक्षा बलों पर पूरा भरोसा जताया। दूसरी तरफ दिल्ली से आई आरती देवी, गीता और सविता देवी ने कहा कि डरने वाली कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें भोले बाबा पर पूरा भरोसा है और सेना व सुरक्षा बलों पर भी पूरा भरोसा है। 

Advertising