कुलगाम में आतंकवादियों ने लोगों पर की गोलीबारी, दो की मौत

Thursday, Apr 02, 2020 - 12:07 PM (IST)

श्रीनगर: आतंकवादियों ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में दो नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने रात करीब 10:45 बजे कुलगाम के नंदीमार्ग इलाके में गुलाम हसन वागे और सिराज अहमद गोरसे को उनके घरों पर गोली मार दी। उन्होंने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस मामले में जांच कर रही है। सभी कानूनी और चिकित्सा संबंधी कारर्वाई पूरी करने के बाद मृतक का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिये सौंप दिया गया।  

इससे पहले 28 मार्च को आतंकियों ने कुलगाम में एक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया थाकि रात आठ बजकर 35 मिनट पर आतंकवादियों ने क्षेत्र में गोलीबारी की। इस गोलीबारी में मेहराज अहमद भट नामक व्यक्ति घायल हो गया। उन्होंने कहा कि पेशे से ऑटो चालक भाट को अनंतनाग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया था। 

वहीं, 23 मार्च को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में लश्कर-ए-तैयबा के ‘शैडो' संगठन के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके छह संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोली बारूद भी बरामद किया था। अधिकारियों ने बताया थाकि नवगठित ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट' के छह सदस्यों को बारामुला जिले के सोपोर से कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पास केरन तक चलाये गए एक अभियान में गिरफ्तार किया गया। संगठन को लश्करे तैयबा का ‘शैडो' संगठन माना जाता है।



उन्होंने कहा कि केरन से सोपोर अस्पताल तक हथियार और गोला-बारूद के परिवहन के बारे में पुलिस द्वारा प्राप्त एक सूचना पर सुरक्षाबलों ने कार्रवाई शुरू की और चार टीमों का गठन किया। अधिकारियों ने कहा सभी टीमें मौके पर पहुंचीं और चार लोगों को पकड़ा जिनकी पहचान अहतेशाम फारूक मलिक, शफाकत अली टागू, मुसैब हसन भट और निसार अहमद गनई के तौर पर हुई जो सोपोर के निवासी हैं।

 

rajesh kumar

Advertising