उग्रवादियों का सफाया करने के लिए BJP ने सुरक्षा बलों को खुली छूट देने की वकालत की

Thursday, Jun 21, 2018 - 09:49 AM (IST)

जम्मू : प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट किया है कि उसने जम्मू-कश्मीर में शांति व कानून की बहाली और उग्रवाद का सफाया करने के लिए पी.डी.पी. से समर्थन वापस लिया है। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रधान रविंद्र रैना ने कहा कि भाजपा ने गत विधान चुनाव में पल्स 44 का लक्ष्य रखा था, लेकिन उन्हें जम्मू संभाग में 25 सीटें प्राप्त हुईं, जिसके कारण उनके पास सरकार बनाने के लिए सदस्यों की संख्या कम थी, इसलिए उन्होंने बहुमत प्राप्त करने वाली पी.डी.पी. के साथ गठबंधन किया, जिसके लिए एजैंडा ऑफ एलायंस भी तय किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कोटा के मंत्रियों ने जम्मू व लद्दाख के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए निर्माण व विकास के कई उल्लेखनीय काम किए, लेकिन पी.डी.पी. कोटा के मंत्रियों ने इन दिनों संभागों की अनदेखी की है।

इसके अतिरिक्त घाटी में शांति व कानून को बहाल करने व उग्रवादियों का सफाया करने के लिए सत्ताधारी पी.डी.पी. की ओर से जो सहयोग मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पाया तथा अब एक वरिष्ठ पत्रकार की उग्रवादियों द्वारा हत्या एवं एक सैनिक का अपहरण कर निर्मम हत्या करने का मामला सामने आया तो भाजपा ने इसे गंभीरता से लेते हुए देश हित के लिए पी.डी.पी. से समर्थन वापस लेने का निर्णय लिया।

क्योंकि इस समय राज्य विशेषकर कश्मीर में शांति व कानून की बहाली तथा उग्रवादियों का सफाया करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शांति व कानून की बहाली तथा उग्रवादियों का सफाया करने के लिए भाजपा ने सुरक्षा बलों को खुली छूट देने की वकालत की है और वह घाटी को नर्क नहीं बनने देंगे। 
 

kirti

Advertising