गुरेज सेक्टर के हिमस्खलन में जवान शहीद, सेना ने दी श्रद्धांजलि

Thursday, Feb 27, 2020 - 06:39 PM (IST)

श्रीनगर: जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास गुरेज क्षेत्र में हिमस्खलन के के बाद गहरी खाई में गिरकर सेना के एक जवान की मौत हो गई। सेना के एक अधिकारी ने कहा, 'सिपाही करनैल सिंह (22) गुरेज सेक्टर में अग्रिम चौकी पर तैनात थे। 26 फरवरी को अचानक आए हिमस्खलन के कारण वे गहरी खाई में गिर गए।' उन्होंने बताया कि सिंह को निकाल कर श्रीनगर के 92 बोस अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। सेना ने बृहस्पतिवार को बादामी बाग छावनी पर सिंह को श्रद्धांजलि दी।



अधिकारी ने कहा, 'लेफ्टिनेंट जनरल जे के एस ढिल्लों और सभी रैंक के अधिकारियों ने राष्ट्र की तरफ से सिंह को श्रद्धांजलि दी।' सिंह 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। वे हिमाचल प्रदेश के चंगेर तारसूह गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में उनके माता-पिता और दो बहने हैं।



अधिकारी ने कहा कि उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान पर ले जाया गया है जहां उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा दु:ख की इस घड़ी में सेना शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और उनकी भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।

 

rajesh kumar

Advertising