अमरनाथ यात्रा: विदेशों से हर साल अमरनाथ यात्रा को आते हैं साधु
punjabkesari.in Wednesday, Jul 31, 2019 - 10:49 AM (IST)
ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)
भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल से साधु-संतों और शिवभक्तों का एक समूह अमरनाथ यात्रा के लिए आया हुआ है। राम मंदिर में ठहरे नेपाल से आए शिवभक्त बूटी शाह, सोना लाल राउत, हिम्मत तेली, गंभीर राव पटेल, प्रकाश पाल, साधु किशोरी दास जिला पर्सा नेपाल ने बताया कि कुल 8 लोग नेपाल से बाबा बर्फानी के हिम शिवलिंग के दर्शन करने के लिए पिछले 4 दिनों से निकले हैं और आज जम्मू पहुंचकर उन्होंने पहलगाम मार्ग से पंजीकरण करवाया है।
इनमें से कुछ श्रद्धालुओं कई बार अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं और कई पहली बार आए हैं। इन श्रद्धालुओं ने बताया कि जिस प्रकार नेपाल में भगवान शिव पशुपति नाथ के दर्शन करने का महत्व है, उसी प्रकार अमरनाथ यात्रा का भी उतना ही महत्व है। वैसे तो कण-कण में भगवान है परंतु भक्त उन्हें हर जगह ढूंढते हैं। नेपाल से आए शिवभक्त यात्रा को लेकर काफी उत्साहित थे।
शिव के उपासक साधुओं में दिखा जोश
शिव के उपासक साधु-संत हर वर्ष हजारों की संख्या में अमरनाथ यात्रा के लिए आते हैं। हर साल पवित्र गुफा में विराजमान बाबा बर्फानी के हिमशिवलिंग का दर्शन करते हैं। जिला प्रशासन जम्मू राम मंदिर में साधुओं के ठहरने और भोजन आदि की व्यवस्था करता है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश से आए एक साधु हरिहर के अनुसार शिव शक्ति की कृपा से मोक्ष की प्राप्ति होती है। भोले नाथ का बर्फानी बाबा के रूप में दर्शन पाना एक अलौकिक और परम आनंद की प्राप्ति होती है। हिमालय की चोटियों में बसे अमरनाथ की पवित्र गुफा का दर्शनमात्र से ही मनुष्य के पाप कट जाते हैं।