अमरनाथ यात्रा : अमरनाथ यात्रा रोके जाने पर छाई यात्रियों में मायूसी
punjabkesari.in Monday, Jul 29, 2019 - 10:10 AM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)
जम्मू (कमल): अमरनाथ यात्रा रोके जाने पर जम्मू के यात्री निवास में रुके हुए यात्रियों में मायूसी छा गई। हालांकि दोपहर को बारिश रुक गई, लेकिन तब तक काफी समय बीत चुका था। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय मानसून के चलते शनिवार रात से बारिश जारी रही। यात्रियों के जत्थे को बालटाल और पहलगाम भेजने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार था, परंतु बारिश नहीं थमी। मौसम खराब होने पर जम्मू से श्रीनगर तक लगभग 300 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह अवरुद्ध हो जाता है। सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा के कारणों से जम्मू में यात्रा रोकने का निर्णय लिया है।
इससे पहले 2 बार कश्मीर से यात्री रोकी गई थी। यात्रा स्थगित होने से जम्मू के भगवती नगर स्थित बेस कैम्प में एक बार फिर से यात्रियों का जमावड़ा लग गया है। जम्मू में यात्रा रोके जाने पर आधार शिविर यात्री निवास में लगभग 2 हजार से अधिक यात्री ठहरे हैं। अधिकारियों के अनुसार सोमवार को मौसम साफ होने की स्थिति में यात्रा को बालटाल और नुनवान बेस कैम्प की ओर रवाना किया जाएगा। राजमार्ग पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। मौसम विभाग ने 29 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।