जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद, भारी भूस्खलन से जगह-जगह लगा जाम

Wednesday, Jan 22, 2020 - 02:45 PM (IST)

बनिहाल/जम्मू: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण मरम्मत का काम बाधित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को दूसरे दिन भी बंद रहा। कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाले राजमार्ग को ताजा हिमपात और मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। 



अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार हुआ लेकिन पंथियाल, मोमपस्सी और डिगडोल में भूस्खलन की कई घटनाएं होने के कारण सड़कों पर फिसलन होने से मरम्मत का काम बाधित हुआ। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) राष्ट्रीय राजमार्ग, शमशेर सिंह ने बताया लोग और मशीनें काम पर हैं तथा राजमार्ग पर जल्द से जल्द यातायात बहाल करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जवाहर सुरंग को एकतरफा मार्ग के लिए साफ कर लिया गया है और आवश्यक सामान लेकर जाने वाले ट्रकों समेत कश्मीर जाने वाले करीब 1500 वाहनों को गंतव्यों तक जाने दिया गया। सड़क पर फिसलन के कारण चालकों से सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने के लिए कहा गया है।



जवाहर सुरंग में तकरीबन एक फुट तक ताजा हिमपात हुआ था। उन्होंने बताया कि रामबन में भारी बारिश के कारण मंगलवार को दिनभर पंथियाल और रामसू के बीच राजमार्ग पर पहाड़ियों से पत्थर गिरते रहे। जम्मू शहर और क्षेत्र के अन्य हिस्सों में धूप खिली रही। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू शहर में सामान्य से एक डिग्री कम, छह डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया लेकिन आसमान साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



उन्होंने बताया कि रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के आधार शिविर कटरा में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंदिर और आसपास के इलाकों में मंगलवार को भारी हिमपात हुआ था। अधिकारी ने बताया कि रामबन जिले में राजमार्ग पर स्थित शहर बटोटे जम्मू क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां रात का तापमान शून्य से नीचे दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डोडा जिले के भद्रवाह में शून्य से नीचे 1.3 डिग्री सेल्सियस और बनिहाल में शून्य से नीचे एक डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

rajesh kumar

Advertising