जम्मू कश्मीर: सांबा में एक साल से ज्यादा समय से गैरहाजिर पुलिसकर्मी बर्खास्त

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2023 - 03:47 PM (IST)

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में एक साल से अधिक समय से ड्यूटी से गैरहाजिर एक पुलिसकर्मी की बुधवार को सेवा समाप्त कर दी गई। सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेनाम तोश ने इस संबंध में आदेश जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (SGCT) अमर सिंह 23 दिसंबर, 2021 को जिला पुलिस लाइन (DPL) में संवेदनशील सुरक्षा तैनाती छोड़कर पिछले एक साल दो महीने से अनधिकृत रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित थे।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सिंह को जारी नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की थी। सिंह को अधिकारियों ने कई वायरलेस सिग्नल, दो उपस्थिति नोटिस और इसके बाद अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद वह लगातार 14 महीनों तक ड्यूटी पर नहीं लौटे।

 

उन्होंने बताया कि यह कारण बताओ नोटिस अंग्रेजी और हिंदी दैनिकों में भी प्रकाशित कराया गया था। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निलंबित अधिकारी अमर सिंह को कार्य पर लौटने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस विभाग की सेवा में उनकी कोई रुचि नहीं है, इसलिए उन्हें नियमों के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News