पाकिस्तान ने कश्मीर में संघर्ष विराम का किया उल्लंघन

Friday, Feb 23, 2018 - 01:51 PM (IST)

श्रीनगर  : पाकिस्तानी सेना ने बगैर किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा के पास कल रात उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में कर्नाह सेक्टर के अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। आधिकारिक सूत्रों ने आज सुबह यूनीवार्ता को बताया कि पाकिस्तानी की ओर से की गयी इस गोलाबारी में किसी के हताहत या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। भारतीय सेना ने भी इस हमले का माकूल जवाब दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने यह पुष्टि की कि पाकिस्तानी सेना ने कल रात संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए कुपवाड़ा के कर्नाह में ताड़ तथा जाबड़ी इलाकों में गोलीबारी की। प्रवक्ता ने एक ट्वीट में कहा, पाकिस्तान की ओर से कुपवाड़ा के कर्नाह थाना क्षेत्र के ताड़ तथा जाबड़ी इलाकों में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सेना एलओसी तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा(आईबी) इलाकों में लगभग प्रत्येक दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है।

पाकिस्तान गत एक सप्ताह से कश्मीर घाटी में एक नया मोर्चा खोल रखा है और उड़ी, तंगधार तथा कर्नाह के नागरिक क्षेत्र तथा अग्रिम चौकियों निशाना बनाकर गोलीबारी की जा रही है। सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) की महानिरीक्षक(आईजी) सोनाली मिश्रा ने कहा कि इस बार उपरी इलाकों में कम हिमपात हुआ। पाकिस्तान संघर्ष विराम का उल्लंघन आतंकवादियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने के लिए करता है।

उन्होंने कहा कि एलओसी पर रात के समय सुरक्षा बल पहले से ही सकर्त हैं ताकि पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र(पीओके)से किसी भी घुसपैठ के प्रयास को नाकाम किया जा सके। सूत्रों के अनुसार कल रात कर्नाह सेक्टर में ताड़ तथा जाबड़ी गांवों में लोग रात के समय खाना बनाने के दौरान पाकिस्तानी की ओर से की गयी भारी गोलीबारी तथा धमाके की आवाज सुनी। एलओसी पर तैनात सुरक्षा बालों ने भी जवाबी कार्रवाई की। 

Advertising