पाकिस्तान ने फिर किया संघर्षविराम का उल्लंघन

punjabkesari.in Tuesday, Oct 24, 2017 - 05:09 PM (IST)

श्रीनगर: पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में आज फिर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए बिना किसी उकसावे के गोलाबारी की।  कश्मीर घाटी में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में पाकिस्तान ने लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया।  आधिकारिक सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने आज सुबह साढ़े नौ बजे कुपवाड़ा के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की।  सूत्रों ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने भी पाकिस्तान की इस हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। 

गोलाबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं
ताजा समाचार मिलने तक रुक-रुककर गोलाबारी जारी थी। इस गोलाबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। 21 अक्टूबर को उरी सेक्टर के कमल कोट में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में पाकिस्तान की गोलाबारी में सेना के एक कुली की मौत हो गई थी और एक लड़की घायल हो गई थी। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर को भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। गत 15 अक्टूबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।  20 सितम्बर को पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा केरन सेक्टर में किए गए संघर्षविराम के उल्लंघन में एक सैनिक शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News