पाक गोलाबारी : सरकार का विस्थापितों को हरसंभव मदद का भरोसा

Monday, Sep 25, 2017 - 11:28 AM (IST)

जम्मू : जम्मू कश्मीर सरकार ने आज अंतरराष्ट्रीय सीमा से विस्थापित हुए लोगों की हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया और प्रशासन एवं पुलिस को सीमा पर गोलाबारी का फौरन जवाब देने को कहा।  आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा ने सीमा पर रहने वाले बाशिंदों को यह भरोसा दिलाया है। उन्होंने सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे उन गांवों का दौरा किया है जहां पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलाबारी की।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की दी सलाह
पीड़ित परिवारों से बात करते हुए मंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और निर्देश दिया कि नागरिक प्रशासन और पुलिस जोखिम ग्रस्त इलाकों में सतर्क रहे तथा सीमा पर गोलाबारी के वक्त फौरन जवाब दें। प्रवक्ता ने बताया कि उपायुक्त शीतल नंदा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की एक उच्च स्तरीय टीम भी मंत्री के साथ थी। मंत्री ने हालात और आपात स्थिति से निपटने में प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।  उन्होंने बताया कि मंत्री ने विजयपुर क्षेत्र के महाल शहान, रामलू और रामगढ़ गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को सीमा पार से गोलीबारी के दौरान अपने घरों के अंदर रहने या सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की भी सलाह दी।

Advertising