जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ओर से यातायात बहाल

Wednesday, Jan 29, 2020 - 03:45 PM (IST)

बनिहाल/जम्मू: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग ताजा बर्फबारी और रातभर हुई बारिश के बावजूद एक ओर से मार्ग यातायात के लिए बुधवार को खुला रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जम्मू क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ औसत के आसपास रहा। जम्मू में यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी के कारण जवाहर सुरंग में बर्फ जमा होने के बावजूद राजमार्ग को एक ओर से खुला रखा गया और आज सुबह यात्री वाहनों को जम्मू से श्रीनगर जाने दिया गया।



बनिहाल में यातायात विभाग के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पन्थियाल और रामसु के बीच राजमार्ग पर कुछ जगहों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने की खबरें मिलीं लेकिन एजेंसियां सड़क साफ करती रहीं जिसके कारण यातायात बाधित नहीं हुआ। अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर जाने वाले वाहनों को अपराह्न ग्यारह बजे के बाद जवाहर सुरंग पार करने में दिक्कत नहीं हुई। खराब मौसम के कारण राजमार्ग पर मंगलवार को कई वाहन फंसे रहे जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निकाला गया। रातभर हुई बारिश के बाद जम्मू में दिन में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात दर्ज किए गए तापमान से कम था।



मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शहर में रातभर 22.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि रामबन जिले के बटोटे में 3.2 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई जो कि शून्य से दो डिग्री कम तापमान के साथ जम्मू क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। डोडा जिले के भदरवाह में तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा और 9.1 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। बनिहाल में छह सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई और रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रियासी जिले के कटरा में रात भर 32.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछली रात से कम था।

rajesh kumar

Advertising