जम्मू कश्मीर को मिली पहली महिला मुख्यमंत्री, महबूबा ने राजभवन में ली शपथ

Monday, Apr 04, 2016 - 03:13 PM (IST)

जम्मू कश्मीर: राज्यपाल एन.एन. वोहरा द्वारा शपथ दिलाए जाने के साथ ही पी.डी.पी. अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। सोमवार को राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू स्थित राजभवन में मुख्यमंत्री समेत पी.डी.पी. के 12 और उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह समेत भाजपा के 11 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। मंत्रिमंडल में पी.डी.पी. के 9 कैबिनेट एवं 3 राज्यमंत्री और भाजपा के 8 कैबिनेट एवं 3 राज्यमंत्री शामिल हुए हैं।


मंत्रिमंडल में शामिल पी.डी.पी. कोटे के मंत्रियों में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के अलावा अब्दुल रहमान भट वीरी, गुलाम नबी लोन हंजूरा, अब्दुल हक खान, सईद बशारत अहमद बुखारी, डा. हसीब अहमद द्राबू, चौधरी जुल्फकार अली, सईद नईम अख्तर अंद्राबी, इमरान रजा अंसारी को कैबिनेट एवं आशिया नकश, सईद फारूक अहमद अंद्राबी व जहूर अहमद मीर को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।


भाजपा कोटे के मंत्रियों में उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह के अलावा चंद्रप्रकाश गंगा, बाली भगत, लाल सिंह, शेरिंग दोरजे, शामलाल चौधरी, अब्दुल गनी कोहली को कैबिनेट एवं सुनील कुमार शर्मा, प्रिया सेठी व अजय नंदा को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। पीपल्स कांफ्रैंस अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने भाजपा कोटे से कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। समारोह के दौरान राज्यपाल के प्रधान सचिव पी.के. त्रिपाठी ने मंच संचालन किया।


वेंकैया, हरसिमरत, जितेंद्र, फारूक व उमर हुए शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय शहरी विकास एवं संसदीय कार्यमंत्री एम. वेंकैया नायडू, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह, राज्यपाल एन.एन. वोहरा की धर्मपत्नी उषा वोहरा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष कविंद्र गुप्ता, राज्य विधानपरिषद के चेयरमैन हाजी अनायत अली, विधानसभा उपाध्यक्ष नजीर अहमद गुरेजी, नैशनल कांफ्रैंस अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. फारूक अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, भाजपा उपाध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर मामलों के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा महासचिव राममाधव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा, मुख्य सचिव बी.आर. शर्मा, पुलिस महानिदेशक के. राजिंद्रा, एडवोकेट जनरल डी.सी. रैना, मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की माता, भाई, बहन एवं बेटियों और उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह की धर्मपत्नी ममता सिंह समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।


लगे ‘भारत माता की जय’ के नारे, मंत्री बोले - जय हिन्द
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जहां 2 बार ‘भारत माता की जय’ के नारे लगे, वहीं शपथ ग्रहण करने के बाद मंत्री लाल सिंह, प्रिया सेठी एवं अजय नंदा ने ‘जय हिन्द’ कहकर सभी आगन्तुकों का अभिवादन किया। इसके अलावा परम्परा के अनुसार समारोह की शुरुआत और अंत में राष्ट्रगान हुआ। उल्लेखनीय है कि कल ही विपक्षी नैशनल कांफ्रैंस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया था कि वह महबूबा सरकार के मंत्रियों के मुख से ‘भारत माता की जय’ सुनना चाहते हैं।


10 ने उर्दू, 7 मंत्रियों ने ली हिन्दी में शपथ
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व उन्हीं की पार्टी के अब्दुल रहमान भट वीरी, गुलाम नबी लोन हंजूरा, अब्दुल हक खान, चौ. जुल्फकार अली, सईद नईम अख्तर अंद्राबी, इमरान अंसारी, आशिया नकश, सईद फारूक अहमद अंद्राबी और जहूर अहमद मीर ने उर्दू में शपथ ली, जबकि उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह व उनकी पार्टी के चंद्रप्रकाश गंगा, बाली भगत, शामलाल चौधरी, सुनील शर्मा, प्रिया सेठी और अजय नंदा ने हिन्दी भाषा में शपथ ग्रहण की। भाजपा के अब्दुल गनी कोहली व भाजपा कोटे से मंत्री बने पीपल्स कांफ्रैंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन, निर्दलीय विधायक शेरिंग दोरजे और पी.डी.पी. के डा. हसीब अहमद द्राबू ने अंग्रेजी, भाजपा के लाल सिंह ने डोगरी तथा पी.डी.पी. के सईद बशारत अहमद बुखारी ने कश्मीरी भाषा में शपथ ग्रहण की।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रधान महबूबा मुफ्ती  जम्मू कश्मीर की पहली मुस्लिम महिला सीएम बन गई हैं।। इसके साथ ही वह पूरे देश की दूसरी मुस्लिम महिला मुख्यमंत्री गई हैं।। उनसे पहले यह खिताब सईदा अनवारा तमूर को मिला है। वह असम की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। 6 दिसंबर 1980 से लेकर जून 1981 तक वह असम की मुस्लिम महिला सीएम रहीं।

Advertising